दुर्ग। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मंगल भवन उतई में महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला दुर्ग द्वारा महिला सम्मान समारोह एवं महतारी वंदन सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने नारी शक्ति को नमन करते हुए महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान विधायक चंद्राकर ने महिला समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों और आकर्षक रंगोली का निरीक्षण किया तथा उनके प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।
विधायक ललित चंद्राकर ने अपने संबोधन में कहा कि हमारी संस्कृति में नारी को शक्ति का स्वरूप माना गया है और जहां नारी का सम्मान होता है, वहीं देवताओं का वास होता है। उन्होंने कहा कि हर पुरुष की सफलता और स्वस्थ समाज के निर्माण के पीछे कहीं न कहीं नारी शक्ति का महत्वपूर्ण योगदान होता है। एक नारी शिक्षित होती है तो दो परिवार और पूरा समाज शिक्षित होता है। उन्होंने कहा कि माताएं बच्चों की प्रथम पाठशाला होती हैं और परिवार को संस्कारवान बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। महान सम्राट शिवाजी के जीवन में माता जीजाबाई के योगदान का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि नारी शक्ति समाज की प्रेरणा और शक्ति का स्रोत है। श्री चंद्राकर ने महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की माताओं-बहनों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए सरकार हर माह ₹1000 की आर्थिक सहायता उनके खातों में पहुंचा रही है। यह योजना महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और इसका लाभ लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं स्व-सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रही हैं। विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में माताओं-बहनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, उतई नगर पंचायत अध्यक्ष सरस्वती साहू, जिला पंचायत सभापति श्रद्धा साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष माया बेलचंदन, पार्षद संगीत रजक, लता सोनवानी, विजय लक्ष्मी साहू, पूर्व जनपद अध्यक्ष झमीत गायकवाड़, परियोजना अधिकारी उषा झा, तहसीलदार झुमा यदु, कृषि वैज्ञानिक डॉ. निशा शर्मा, डॉ. ज्योति ध्रुव सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।