छत्तीसगढ़ में बड़ा हादसा: एंटी नक्सल ऑपरेशन के दौरान IED ब्लास्ट, DRG प्रभारी सहित 3 जवान शहीद,बस्तर में शोक की लहर

छत्तीसगढ़ में बड़ा हादसा: एंटी नक्सल ऑपरेशन के दौरान IED ब्लास्ट, DRG प्रभारी सहित 3 जवान शहीद,बस्तर में शोक की लहर

कांकेर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में एंटी नक्सल अभियान के दौरान एक बड़ा हादसा सामने आया है। कांकेर और नारायणपुर जिले की सीमा पर डी-माइनिंग ऑपरेशन के दौरान हुए IED विस्फोट में जिला रिजर्व गार्ड (DRG) के तीन जवान शहीद हो गए, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल है। घटना थाना छोटेबेठिया क्षेत्र की है, जहां सुरक्षा बलों की टीम नियमित सर्चिंग, एरिया डॉमिनेशन और डी-माइनिंग अभियान पर निकली थी। इसी दौरान जवानों को माओवादियों द्वारा पहले से प्लांट किए गए IED को खोजकर निष्क्रिय करने की जिम्मेदारी दी गई थी। जैसे ही जवान इस प्रक्रिया में जुटे, अचानक जोरदार विस्फोट हो गया, जिससे चार जवान इसकी चपेट में आ गए।

इस हादसे में DRG के इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी, कॉन्स्टेबल कृष्णा कोमरा और संजय गढ़पाले ने मौके पर ही दम तोड़ दिया और शहीद हो गए। वहीं कॉन्स्टेबल परमानंद कोमरा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
घटना की पुष्टि करते हुए बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टिलिंगम ने बताया कि क्षेत्र में लगातार डी-माइनिंग अभियान चलाया जा रहा है और पिछले कुछ समय में कई IED बरामद कर निष्क्रिय किए गए हैं। उन्होंने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि सुरक्षा बल पूरी सतर्कता के साथ अभियान चला रहे हैं।

हादसे के बाद पूरे बस्तर क्षेत्र में शोक की लहर है। शहीद जवानों को पुलिस विभाग और प्रशासन ने श्रद्धांजलि अर्पित की है, वहीं सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्चिंग ऑपरेशन और तेज कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *