
दुर्ग ! पुलिस विभाग में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) विजय अग्रवाल ने शुक्रवार को 9 पुलिस अधिकारियों के तबादले का आदेश जारी किया। इनमें 4 निरीक्षक और 5 उपनिरीक्षक शामिल हैं। जारी आदेश के अनुसार सभी तबादले तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। पुलिस मुख्यालय से जारी आदेश के मुताबिक, नियंत्रण कक्ष भिलाई में पदस्थ निरीक्षक श्रद्धा पाठक को अंडा थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं अंडा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक पारस ठाकुर को सुपेला थाना स्थानांतरित किया गया है।
इसी तरह उतई थाने में पदस्थ निरीक्षक महेश ध्रुव को नियंत्रण कक्ष भिलाई भेजा गया है। बोरी थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल पटेल को उतई थाने की कमान सौंपी गई है। वहीं पुलिस लाइन दुर्ग में पदस्थ निरीक्षक वंदिता पनिणकर को बोरी थाना प्रभारी बनाया गया है। उपनिरीक्षकों के तबादलों में धमधा थाने में पदस्थ श्रीराम पेंड्रो को उतई थाना भेजा गया है, जबकि उतई में पदस्थ प्रमोद सिन्हा को धमधा थाने की जिम्मेदारी दी गई है। चौकी जेवरा सिरसा प्रभारी खगेन्द्र पठारे को मोहन नगर थाना स्थानांतरित किया गया है। उनकी जगह कुम्हारी थाने में पदस्थ उपनिरीक्षक समित मिश्रा को जेवरा सिरसा चौकी का नया प्रभारी बनाया गया है।
पुलिस विभाग में हुए इस प्रशासनिक बदलाव को कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा विभिन्न थानों में कार्यकुशलता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि नई पदस्थापनाओं से क्षेत्रीय पुलिसिंग और प्रशासनिक समन्वय को मजबूती मिलेगी। एसएसपी विजय अग्रवाल ने सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल अपने नए पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस महकमे में हुए इस फेरबदल को लेकर विभागीय स्तर पर भी चर्चाओं का दौर जारी है।