मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर भाजपा का महाअभियान:5 जून से जनता के बीच उतरेगी भाजपा, 17 दिन का जनसंपर्क अभियान-फ्यूल-प्राइस और महंगाई पर विपक्ष के हमलों का जवाब

मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर भाजपा का महाअभियान:5 जून से जनता के बीच उतरेगी भाजपा, 17 दिन का जनसंपर्क अभियान-फ्यूल-प्राइस और महंगाई पर विपक्ष के हमलों का जवाब

रायपुर ! प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी प्रदेशभर में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने जा रही है। 5 जून से 21 जून तक आयोजित होने वाले इस अभियान के तहत भाजपा के मंत्री, सांसद और विधायक जनता के बीच पहुंचकर केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार करेंगे। राजनीतिक गलियारों में इस अभियान को महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर विपक्ष के हमलों का जवाब देने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। भाजपा द्वारा तैयार किए गए कार्यक्रम के अनुसार अभियान की शुरुआत जनसंवाद कार्यक्रमों से होगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित राज्य सरकार के सभी मंत्री विभिन्न जिलों का दौरा कर मीडिया और आम जनता से संवाद करेंगे। वहीं सांसद और विधायक गांव, मंडल तथा बूथ स्तर तक पहुंचकर कार्यकर्ताओं और लाभार्थियों से संपर्क साधेंगे।

पार्टी सूत्रों के अनुसार हाल के दिनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों और बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेस समेत विपक्षी दल लगातार केंद्र सरकार को निशाने पर ले रहे हैं। संगठन स्तर पर मिले फीडबैक में भी इन मुद्दों को लेकर कुछ नकारात्मक माहौल की जानकारी सामने आई है। ऐसे में भाजपा ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों तक सीधे पहुंचकर सकारात्मक संदेश देने की रणनीति बनाई है। अभियान के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और गरीब कल्याण अन्न योजना जैसी प्रमुख योजनाओं को केंद्र में रखा जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता लाभार्थियों से संपर्क कर योजनाओं के प्रभाव और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। इस बीच प्रदेश भाजपा का संगठनात्मक प्रशिक्षण अभियान भी जारी है। अधिकांश जिलों में प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हो चुके हैं, जबकि शेष जिलों में जून के पहले सप्ताह तक प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। पार्टी का मानना है कि प्रशिक्षित कार्यकर्ता जनसंपर्क अभियान को और अधिक प्रभावी बना सकेंगे।

. जनसंपर्क से योग दिवस तक रहेगा कार्यक्रमों का सिलसिला

भाजपा के 17 दिवसीय महाअभियान के तहत प्रदेशभर में जनसंपर्क कार्यक्रम, जनकल्याण शिविर, लाभार्थी सम्मेलन और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े आयोजन किए जाएंगे। शिविरों में लोगों को केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी समझाई जाएगी। इसके अलावा मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी, संगोष्ठी और संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। अभियान का समापन 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष योग कार्यक्रमों के साथ होगा, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल होंगे। भाजपा का यह महाअभियान आगामी राजनीतिक गतिविधियों और जनमत निर्माण की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसके जरिए पार्टी केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के साथ विपक्ष के आरोपों का जवाब देने की तैयारी में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *