कौशिल्याधाम चंदखुरी में 26 से 28 सितंबर तक मानस महोत्सव: कलश यात्रा से होगा तीन दिवसीय आयोजन का शुभारंभ, श्रीराम कथा और अलंकरण समारोह होंगे

कौशिल्याधाम चंदखुरी में 26 से 28 सितंबर तक मानस महोत्सव: कलश यात्रा से होगा तीन दिवसीय आयोजन का शुभारंभ, श्रीराम कथा और अलंकरण समारोह होंगे

रायपुर। छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल चंदखुरी स्थित माता कौशल्या मंदिर परिसर में 26 से 28 सितंबर तक तीन दिवसीय राज्य स्तरीय मानस महोत्सव एवं अलंकरण समारोह का आयोजन किया जाएगा। ‘मानस दर्शन जीवन अर्पण-मानस ब्रह्म गर्भ’ थीम पर आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम मानस मंथन-6.0 का छठवां वर्ष है। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में मानस मंडलियों की भक्तिमय प्रस्तुतियां, संतों के प्रवचन, श्रीराम कथा और अलंकरण समारोह प्रमुख आकर्षण रहेंगे।

कलश यात्रा से होगा महोत्सव का शुभारंभ

महोत्सव के पहले दिन 26 सितंबर को सुबह 11 बजे कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसके साथ ही माता कौशल्या देवी का नगर भ्रमण होगा। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। शाम 4 बजे से विभिन्न स्थानों से पहुंची मानस मंडलियों की प्रस्तुतियां होंगी। इनमें चंदखुरी, भिंभौरी-बेमेतरा, सिवनी-रायपुर और कौसरा-बागबाहरा की मानस मंडलियां शामिल हैं। शाम 7 बजे नारायण महाराज सत्संग में आशीर्वचन देंगे।

दूसरे दिन मानस गान और अलंकरण समारोह

27 सितंबर को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दिन मानस गान के साथ अलंकरण समारोह, संतों के आशीर्वचन और श्रीराम कथा का आयोजन होगा। कौशला पीठाधीश्वर श्री राजीव लोचन भी कथा एवं आशीर्वचन देंगे। शाम को रायपुर, दुर्ग, धमतरी, बेमेतरा, महासमुंद और बिलासपुर की मानस मंडलियां अपनी प्रस्तुतियां देंगी।

समापन दिवस पर भी होगा भव्य आयोजन

महोत्सव के अंतिम दिन 28 सितंबर को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व मंत्री शिव डहरिया कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दिन मानस गान, अलंकरण समारोह और श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा। मज्ज्योतिर्मयानंद सरस्वती तथा श्री सिया गोवर्धन शरण चतुर्भुज कथा-प्रवचन करेंगे। शाम को राजिम, महासमुंद, बेमेतरा, डोंगरगढ़, तुमाकला और कबीरधाम की मानस मंडलियां भक्तिमय प्रस्तुतियां देंगी।

प्रदेशभर के मानस संघों के पदाधिकारी होंगे शामिल

मानस महोत्सव में प्रदेश के विभिन्न मानस संघों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी शामिल होंगे। इनमें श्रीराज मानस संघ धमतरी, मां कौशल्या जिला मानस संघ रायपुर, जिला मानस संघ दुर्ग, बलौदाबाजार-भाटापारा, श्रीराम किंकर शिष्य परिषद, श्री तुलसी मानस प्रतिष्ठान, श्री राजीव लोचन मानस संघ गरियाबंद और मां भद्रकाली जिला मानस संघ बेमेतरा सहित अन्य संगठन शामिल हैं। आयोजकों ने प्रदेशभर के श्रद्धालुओं से तीनों दिन चंदखुरी पहुंचकर मानस महोत्सव में शामिल होने और श्रीराम कथा एवं मानस मंडलियों की प्रस्तुतियों का लाभ लेने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *