शहीद ASP आकाश राव गिरिपुंजे को रायपुर में अंतिम विदाई : बेटी के जन्मदिन से पहले वीरगति, नम आंखों से परिजनों ने दी सलामी

रायपुर —सुकमा में हुए नक्सली IED ब्लास्ट में शहीद हुए एडिशनल एसपी (ASP) आकाश राव गिरिपुंजे को आज रायपुर के माना पुलिस बटालियन में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस भावुक क्षण में उनकी पत्नी ने रोते हुए उन्हें सैल्यूट किया, जबकि वृद्ध पिता बिलखते रहे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी और प्रशासनिक अधिकारी भी श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे।

शहीद की अंतिम यात्रा रायपुर के कुशालपुर स्थित उनके निवास से निकाली गई, जो “जब तक सूरज चांद रहेगा, आकाश तेरा नाम रहेगा” जैसे नारों के बीच माहौल को गमगीन कर गई। यात्रा में रायपुर कलेक्टर, पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में आम लोग भी शामिल हुए।
उनका अंतिम संस्कार थोड़ी देर बाद महादेव घाट स्थित मुक्तिधाम में किया जाएगा ।

बेटी का जन्मदिन, अब गम में बदला
आकाश राव गिरिपुंजे रायपुर के कुशालपुर क्षेत्र के निवासी थे और सुकमा में ASP के रूप में तैनात थे। परिवार में माता-पिता, पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। दुखद संयोग यह रहा कि बुधवार को उनकी छह साल की बेटी नव्या का जन्मदिन था, जिसे लेकर पूरा परिवार उत्साहित था। आकाश खुद भी बेटी के जन्मदिन पर घर आने वाले थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

पुलिस सम्मान में झुके सिर
माना पुलिस बटालियन में शहीद को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। देश के लिए प्राणों की आहुति देने वाले इस जांबाज अफसर को पुलिस जवानों ने अंतिम सलामी दी। हर आंख नम थी, और पूरा परिसर “भारत माता की जय” और “शहीद आकाश अमर रहें” के नारों से गूंज उठा।

सरकार और जनता ने दी श्रद्धांजलि
सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि “शहीद आकाश जैसे अफसरों की कुर्बानी को भुलाया नहीं जा सकता। प्रदेश उनके परिवार के साथ है। सरकार हर संभव मदद करेगी।”
पुलिस विभाग, प्रशासन और हजारों आम नागरिकों ने सोशल मीडिया और प्रत्यक्ष रूप से भी श्रद्धांजलि अर्पित की।

सीएम, दोनों डिप्टी सीएम ने पार्थिव देह को कांधा दिया

  • गार्ड ऑफ ऑनर के बाद शहीद आकाश की पार्थिव देह को महादेवघाट मुक्तिधाम के लिए रवाना किया गया है।
  • सीएम साय, दोनों डिप्टी सीएम अरुण साव और विजय शर्मा के साथ डॉ रमन ने पार्थिव शरीर को कांधा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *