रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक टार प्रोडक्ट्स फैक्ट्री में शनिवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते फैक्ट्री के एक बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद उठता धुएं का विशाल गुब्बार करीब 22 किलोमीटर दूर से भी नजर आया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
यह घटना खमतराई थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1 बजे फैक्ट्री परिसर से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके कुछ ही मिनटों में आग की लपटें तेज हो गईं। फैक्ट्री में तार, ऑयल, केमिकल और अन्य ज्वलनशील पदार्थ मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। अब तक पानी की चार टंकियां खत्म हो चुकी हैं, लेकिन आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है। आसपास पानी की कमी के चलते दूर-दराज से अतिरिक्त फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को बुलाया गया है। घटनास्थल पर मौजूद निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल फैक्ट्री को खाली करा लिया, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।