दुर्ग। दुर्ग संसदीय क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद विजय बघेल ने पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के अंतर्गत संचालित नेशनल स्टूडेंट पर्यावरण प्रतियोगिता (NSPC) के प्रेरणास्पद अभियान का पोस्टर लोकार्पण करते हुए बुधवार को एक सशक्त और जागरूकतापूर्ण संदेश दिया। पोस्टर विमोचन समारोह में उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं, आम नागरिकों और विशेष रूप से युवाओं एवं विद्यार्थियों से इस राष्ट्रीय अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने का आह्वान किया।सांसद श्री बघेल ने कहा कि NSPC केवल एक निशुल्क प्रतियोगिता मात्र नहीं, बल्कि यह हरित, स्वच्छ और सुरक्षित भारत के निर्माण की दिशा में एक जनजागरण है। यह पहल भावी पीढ़ियों को पर्यावरणीय चेतना से युक्त कर व्यवहारिक योगदान के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने इस अभियान को जनआंदोलन का रूप देने की अपील की और कहा कि हर नागरिक, हर परिवार और हर विद्यार्थी को इस मुहिम से जुड़ना चाहिए। अपने उद्बोधन में श्री बघेल ने विशेष रूप से तीन बिंदुओं को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि वृक्षारोपण को जीवनचर्या में शामिल करें,जल संरक्षण के लिए हर स्तर पर प्रयास करें,प्लास्टिक के उपयोग को कम करते हुए स्वच्छता को अपनाएं । उन्होंने दो टूक कहा कि पर्यावरण संरक्षण कोई एक दिवसीय क्रियाकलाप नहीं, बल्कि यह निरंतर प्रयास और सामूहिक भागीदारी की मांग करता है। यदि समाज पर्यावरण के प्रति सजग होगा तो देश को पर्यावरणीय आपदाओं से बचाना संभव होगा। ऐसे जागरूक अभियानों से समाज में सकारात्मक परिवर्तन की नींव रखी जाती है। NSPC जैसी प्रतियोगिताएं केवल पुरस्कार या प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह छात्र-छात्राओं को प्रकृति से जुड़ने, उसके प्रति उत्तरदायित्व निभाने और हरित भारत के निर्माण में भागीदार बनने का सुनहरा अवसर प्रदान करती हैं। श्री बघेल ने अंत में सभी से अपील की—आइए, हम सब मिलकर इस पर्यावरणीय अभियान को जनांदोलन का रूप दें और एक हरित, प्रदूषणमुक्त भारत की संकल्पना को साकार करें। इस दौरान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा सहित अन्य उपस्थित थे ।