रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के सदस्य मिर्जा एजाज बेग को सर्वसम्मति से राज्य हज कमेटी का अध्यक्ष चुना गया है। इस संबंध में मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर स्थित पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग द्वारा अधिसूचना जारी कर उन्हें विधिवत अध्यक्ष घोषित किया गया है। जानकारी के अनुसार, हज कमेटी अधिनियम 2002 की धारा 21 की उपधारा (1) के तहत नामांकित सदस्यों की बैठक में सर्वसम्मति से मिर्जा एजाज बेग का चयन किया गया। चयन के बाद राज्य शासन ने अधिसूचना जारी कर नियुक्ति को औपचारिक रूप दिया। अध्यक्ष बनाए जाने की खबर से प्रदेश के मुस्लिम समाज में उत्साह और हर्ष का माहौल है। समाजजनों ने इसे समुदाय के लिए गौरव का क्षण बताया और मिर्जा एजाज बेग को शुभकामनाएं दीं।
जुमा नमाज के बाद हजरत गरीब नवाज मस्जिद, संजय नगर में मुतवल्ली मोहम्मद अली, मस्जिद कमेटी के सदस्यों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित समाजजनों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर मिर्जा एजाज बेग ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल तथा पार्टी के वरिष्ठ जनों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हज यात्रियों की सुविधाओं, पारदर्शिता और बेहतर प्रबंधन के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेंगे, ताकि राज्य के हज यात्रियों को सुगम और व्यवस्थित सेवाएं मिल सकें।