विधायक जी बनेंगे दूल्हा : 23 जोड़ों के साथ सामूहिक विवाह में सात फेरे लेंगे दीपेश साहू,कन्यादान योजना में विधायक की शादी पर छिड़ी बहस..कांग्रेस ने उठाए सवाल

विधायक जी बनेंगे दूल्हा : 23 जोड़ों के साथ सामूहिक विवाह में सात फेरे लेंगे दीपेश साहू,कन्यादान योजना में विधायक की शादी पर छिड़ी बहस..कांग्रेस ने उठाए सवाल

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा से भाजपा विधायक दीपेश साहू 31 मई को मुख्यमंत्री कन्यादान सामूहिक विवाह योजना के तहत विवाह करने जा रहे हैं। उनके इस फैसले ने जहां सादगीपूर्ण विवाह को लेकर चर्चा छेड़ दी है, वहीं राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर विवाद भी शुरू हो गया है। कांग्रेस ने इस पर सवाल उठाते हुए योजना की पात्रता और उद्देश्य को लेकर भाजपा को घेरा है। जानकारी के मुताबिक विधायक दीपेश साहू सुश्री तरूणा साहू के साथ बेमेतरा जिला मुख्यालय स्थित बेसिक स्कूल मैदान में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में सात फेरे लेंगे। इस समारोह में विधायक दंपति सहित कुल 24 जोड़े विवाह बंधन में बंधेंगे। आयोजन में गरीब और जरूरतमंद परिवारों के कई जोड़े भी शामिल होंगे।

विधायक के इस निर्णय पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कन्यादान योजना गरीब परिवारों के लिए बनाई गई है। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि क्या विधायक दीपेश साहू योजना की पात्रता में आते हैं। दीपक बैज ने इसे “गरीबों के हक पर डाका” बताते हुए राजनीतिक स्टंट करार दिया। हालांकि भाजपा और विधायक समर्थक इसे सामाजिक संदेश से जोड़कर देख रहे हैं। उनका कहना है कि आज के दौर में जहां शादियों में दिखावा और फिजूलखर्ची बढ़ती जा रही है, वहां एक जनप्रतिनिधि का सामूहिक विवाह में शामिल होना समाज को सादगी का संदेश देता है।

समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, सांसद विजय बघेल, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा समेत कई जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। गौरतलब है कि दीपेश साहू ने वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी आशीष कुमार छाबड़ा को हराकर बेमेतरा सीट से जीत दर्ज की थी। अब उनका सामूहिक विवाह राजनीतिक और सामाजिक दोनों ही दृष्टिकोण से चर्चा का विषय बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *