CG Crime : शराब दुकान में ‘चाकू गैंग’ का आतंक, युवक से कैश और मोबाइल लूटा, नाबालिग समेत आरोपी गिरफ्तार

CG Crime : शराब दुकान में ‘चाकू गैंग’ का आतंक, युवक से कैश और मोबाइल लूटा, नाबालिग समेत आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। जिले के भखारा थाना क्षेत्र में शराब दुकान परिसर में चाकू की नोक पर लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बदमाशों ने युवक को रोककर पहले पैसों की मांग की और विरोध करने पर गले में चाकू अड़ाकर नगदी व मोबाइल लूट लिया। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 मई 2026 को प्रार्थी अपने बड़े भाई के कहने पर 3 हजार रुपये लेकर शराब और डीजल लेने भखारा गया था। रात करीब 8 बजे वह भखारा स्थित शराब दुकान परिसर पहुंचा, जहां पहले से मौजूद आरोपियों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने युवक से पैसे मांगे, लेकिन मना करने पर आरोपी अंशुमन साहू ने धारदार चाकू उसके गले में अड़ा दिया।

इस दौरान आरोपी लोकेश पटेल और विधि से संघर्षरत बालक ने युवक को पकड़ लिया, जबकि समीर निर्मलकर ने मारपीट करते हुए उसके पास रखे 3 हजार रुपये और रेडमी मोबाइल फोन लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद भखारा पुलिस ने धारा 309(4) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अंशुमन साहू (18 वर्ष), लोकेश पटेल (18 वर्ष) और एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल धारदार चाकू और नगदी रकम जब्त की है। वहीं मामले में फरार एक अन्य आरोपी की तलाश लगातार जारी है। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। वहीं विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड धमतरी के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जबकि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *