विधायक की पत्नी पर धारदार हथियार से हमला, ICU में भर्ती; आत्मघाती प्रयास या साजिश—पुलिस कई एंगल से जांच में जुटी

जगदलपुर | 30 दिसंबर 2025। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग से एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है। जगदलपुर में बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल की पत्नी पर धारदार हथियार से हमला किए जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। गंभीर रूप से घायल महिला को महारानी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें आईसीयू में रखा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आज सुबह करीब 8 बजे घायल अवस्था में उन्हें महारानी अस्पताल लाया गया। चिकित्सकों के मुताबिक उनके दोनों हाथों में गहरी चोटें आई हैं, नसें कटने से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ था। इसके अलावा गले के पास भी धारदार हथियार से चोट के निशान पाए गए हैं। फिलहाल उनकी स्थिति गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है।

अस्पताल सूत्रों ने बताया कि भर्ती के समय पीड़िता बोलने की स्थिति में नहीं थीं। उपचार के दौरान जब मेडिकल स्टाफ ने उनसे घटना के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया, तो उन्होंने लिखकर जवाब देने की कोशिश की। इस दौरान लिखे गए एक शब्द को पुलिस ने जांच का अहम सुराग माना है, जिसके आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।
घटना को लेकर सबसे बड़ा सवाल यह है कि यह आत्मघाती प्रयास था या किसी ने सुनियोजित ढंग से जानलेवा हमला किया। पुलिस दोनों ही पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार चोटों की प्रकृति, घटनास्थल की स्थिति और पीड़िता की मानसिक अवस्था सहित हर बिंदु की गहन पड़ताल की जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी महारानी अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है तथा अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही परिजनों और करीबी लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हाल के दिनों में किसी प्रकार का पारिवारिक तनाव, आपसी विवाद या बाहरी दबाव तो नहीं था। विधायक से जुड़े राजनीतिक परिप्रेक्ष्य को देखते हुए किसी साजिश की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। फोरेंसिक टीम को साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए गए हैं और हर एंगल से जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *