किशोर स्वास्थ्य पर केंद्रित सेमिनार का आयोजन: शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद कॉलेज ऑफ नर्सिंग में विशेषज्ञों ने दिए महत्वपूर्ण सुझाव….
भिलाई। छत्तीसगढ़ राज्य किशोर स्वास्थ्य अकादमी द्वारा शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद कॉलेज ऑफ नर्सिंग में किशोरावस्था पर केंद्रित एक सेमिनार का आयोजन किया गया। यह आयोजन किशोरावस्था के उस महत्वपूर्ण और परिवर्तनकारी चरण पर केंद्रित था, जिसमें किशोर शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक और सामाजिक रूप से तेजी से विकास करते हैं। सेमिनार में विशेषज्ञों ने इस जीवन-चरण में आने वाली चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की और बताया कि बदलती जीवनशैली के कारण किशोरों में दिल की बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि किशोरों को शारीरिक गतिविधियों में भाग लेना, संतुलित आहार लेना, पर्याप्त नींद लेना और जोखिमपूर्ण व्यवहारों से बचना चाहिए।
जेएलएन हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, सेक्टर 9, भिलाई की नियोनेटोलॉजी और बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. माला चौधरी ने स्वास्थ्य पेशेवरों को जीवनरक्षक सीपीआर तकनीक का प्रशिक्षण दिया। उनका इंटरेक्टिव सेशन प्रतिभागियों के लिए अत्यंत उपयोगी रहा, जिससे उन्हें आपातकालीन परिस्थितियों में आत्मविश्वास से प्रतिक्रिया देने की जानकारी मिली। वहीं, डॉ. आकांक्षा परगनिहा ने स्क्रीन टाइम की लत और उससे जुड़ी मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं पर चिंता व्यक्त करते हुए समाधान बताए। उन्होंने किशोरों को भावनात्मक समर्थन, पोषण और सही मार्गदर्शन देने की आवश्यकता को रेखांकित किया। कार्यक्रम के समापन पर अकादमी अध्यक्ष आईपी मिश्रा और जया अभिषेक मिश्रा ने आयोजन की सराहना की और किशोरों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के इस प्रयास को प्रशंसनीय बताया। मिश्रा ने किशोरों को जीवन में शुरुआत से ही स्वस्थ आदतें अपनाने का आह्वान किया।