रायपुर, 9 मई-भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान के खिलाफ किए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के बाद देशभर में राष्ट्रभक्ति और शौर्य की भावना का ज्वार उमड़ पड़ा है। राजधानी रायपुर में कांग्रेस पार्टी ने इस वीरता को सलाम करते हुए एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली।
यात्रा की शुरुआत कालीबाड़ी स्थित इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पण से हुई, जहाँ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति अपनी निष्ठा प्रकट की। इस यात्रा का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के अध्यक्ष दीपक बैज ने किया। तिरंगे की छांव में निकली यह यात्रा कोतवाली चौक, मालवीय रोड होते हुए जयस्तंभ चौक पर संपन्न हुई।
दीपक बैज ने इस मौके पर कहा, “यह यात्रा आतंकवाद के खिलाफ हमारी एकजुटता और भारतीय सेना के अदम्य साहस को समर्थन देने के लिए है। तिरंगा हमारे देश की शान है, और हम चाहते हैं कि इस तरह की यात्राओं से हमारी सेना का मनोबल और ऊँचा हो।”
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस देश के सैनिकों के साथ खड़ी है और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने यह सिद्ध कर दिया है कि भारत किसी भी साजिश का करारा जवाब देने में सक्षम है।
तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की भागीदारी देखने को मिली, जिनके हाथों में तिरंगा और दिलों में देशभक्ति की भावना थी।