मोहित कुमार शर्मा को मिला ‘कीर्ति शेष पंचराम बनपेला सम्मान’ — साक्षरता, सामाजिक सेवा और सांस्कृतिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित

दुर्ग, 27 अक्टूबर 2025। अविभाजित जिला दुर्ग (वर्तमान दुर्ग, बालोद और बेमेतरा) में वर्ष 1990 से 2003 तक संचालित संपूर्ण, उत्तर एवं सतत साक्षरता कार्यक्रम में सक्रिय योगदान देने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने हेतु जिला साक्षरता मित्र मंच द्वारा विशेष समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कीर्ति शेष पंचराम बनपेला की स्मृति में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को उनके परिजनों की उपस्थिति में सम्मानित किया गया। मोहित कुमार शर्मा को साक्षरता, सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘कीर्ति शेष पंचराम बनपेला सम्मान’ से सम्मानित किया गया।

साक्षरता और समाजसेवा में बहुमुखी योगदान

मोहित कुमार शर्मा ने पाटन परियोजना के अंतर्गत अक्षर सैनिक, कला जत्था कलाकार और कुशल प्रशिक्षक के रूप में उत्कृष्ट कार्य किया। उन्होंने तात्कालिक समय में जल मिशन, कुष्ठ उन्मूलन, डायरिया उन्मूलन, पल्स पोलियो अभियान, पर्यावरण जागरूकता, हरेली-जगार जैसे कार्यक्रमों में भी सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में कीर्ति शेष पंचराम बनपेला के पुत्र कौशल बनपेला और अनिल बनपेला सपत्नीक उपस्थित रहे। साथ ही वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी डॉ. बी.एल. तिवारी, डॉ. डी.एन. शर्मा, हरिनारायण दुबे, वरिष्ठ साहित्यकार परदेशी राम वर्मा, पद्मश्री डोमार सिंह कुंवर, पद्मश्री शमशाद बेगम सहित साक्षरता के सैकड़ों प्रहरी मौजूद थे।

शर्मा को पूर्व में भी मिल चुके हैं अनेक सम्मान

मोहित कुमार शर्मा इससे पहले भी विभिन्न संस्थाओं से सैकड़ों सम्मान प्राप्त कर चुके हैं। इनमें प्रमुख हैं —
श्रेष्ठ अक्षर सैनिक, कला जत्था कलाकार, अक्षर पुंज सम्मान, अक्षर ज्योति सम्मान, आखर अंजोर, जनौला लेखन सम्मान, वृक्षारोपण, कुष्ठ उन्मूलन और डायरिया उन्मूलन में उत्कृष्ट कार्य के लिए जिला साक्षरता समिति द्वारा सम्मान, जिला नेहरू युवा केंद्र द्वारा जिला युवा पुरस्कार,साथ ही ऋतंभरा साहित्य समिति, प्रेम फाउंडेशन, सीप मानस संस्था, मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण (ज्ञानदीप), तरुभूषण राज्य स्तरीय अवार्ड, युवा अवार्ड, सृजन शिक्षक सम्मान सहित कई राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के सम्मान, जिनमें नेपाल द्वारा शिक्षक दिवस सम्मान भी शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *