“मां बिस्तर पर,पिता अखबार बांटते, बेटा पढ़ाई में चमका : गातापार के तरुण सागर की प्रेरक कहानी”

(सेजेस जामगांव आर के छात्र तरुण सागर साहू ने घर की मुश्किलों,निर्धनता को ताक पर रख, दसवीं बोर्ड में 83% की सफलता हासिल किया )

जामगांव आर । पाटन ब्लॉक के सेजेस इंग्लिश मीडियम स्कूल, जामगांव आर में अध्ययनरत छात्र तरुण सागर साहू ने दसवीं बोर्ड परीक्षा में 83% अंक प्राप्त कर न केवल अपने माता-पिता का सिर गर्व से ऊंचा किया, बल्कि यह साबित किया कि कठिन परिस्थितियां भी सफलता की राह रोक नहीं सकतीं।

तरुण के पिता, देवेंद्र साहू, पेशे से अखबार हॉकर हैं और गातापार में रहते हैं। तरुण की मां छह साल पहले एक दुर्घटना में स्थायी रूप से दिव्यांग हो गई थीं और बिस्तर पर ही रहती हैं। ऐसे में स्कूल से पहले और बाद का अधिकतर समय तरुण अपनी मां की सेवा और घर के कार्यों में लगाता है।

इसके बावजूद, उसने पढ़ाई में कोई समझौता नहीं किया। सीमित संसाधनों और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच उसने निरंतर मेहनत की और दसवीं में शानदार प्रदर्शन किया। तरुण की सफलता उसकी लगन, मेहनत और पारिवारिक प्रेम की अनूठी मिसाल है।

तरुण का कहना है, “मां की सेवा करना मेरा फर्ज है, लेकिन पढ़ाई छोड़ना मेरा हक़ नहीं। मुझे अपने माता-पिता को गर्व दिलाना है और आगे भी इसके लिए कड़ी मेहनत करता रहूंगा। विद्यालय के शिक्षकों और ग्रामीणों ने भी तरुण की उपलब्धि पर उसे बधाई दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *