जामगांव आर के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 3 के पास गंदगी का अंबार, बच्चों की सेहत पर मंडरा रहा खतरा…

जामगांव आर । जामगांव आर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 3 के आसपास गंदगी की गंभीर समस्या ने वहां कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और छोटे बच्चों के लिए असुविधा और खतरे की स्थिति पैदा कर दी है। केंद्र के पास बने बोरवेल पर ग्रामीणजन रोज पानी भरने आते हैं, लेकिन पानी भरने के साथ ही वे वहीं पर बर्तन मांजते हैं, जिससे आसपास पानी का जमाव और कचरे का ढेर बन जाता है। स्थिति यहीं तक सीमित नहीं है। आंगनबाड़ी केंद्र के सामने बसे कुछ घरों के लोग अपने घरों का कचरा और गंदगी खुले में फेंक देते हैं, जिससे यह स्थान एक अस्थायी कूड़ेदान का रूप ले चुका है। पास की नाली में भी लोग बेझिझक कचरा डालते हैं। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि कुछ लोग तो गंदे डायपर तक वहीं फेंक जाते हैं, जिससे आसपास के वातावरण में तीव्र दुर्गंध फैली रहती है।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार पूर्व ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकल सका। केंद्र में छोटे बच्चों के विकास, पोषण और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह समस्या बेहद चिंताजनक है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि ग्राम पंचायत को स्वच्छता अभियान के तहत इस स्थान की नियमित सफाई करवानी चाहिए और सख्त निगरानी रखनी चाहिए। साथ ही, ग्रामीणों को भी जागरूक करना होगा ताकि वे आसपास सफाई बनाए रखें और बच्चों की सेहत से खिलवाड़ न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *