अमलेश्वर। पाटन विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत अमलेश्वर के खुड़मुड़ा में नई शराब दुकान खोलने के प्रस्ताव के खिलाफ ग्रामीणों का विरोध तेज होता जा रहा है। नगर पालिका परिषद अमलेश्वर के वार्ड क्रमांक 5 में शराब दुकान खोलने की योजना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने विरोध का बिगुल फूंक दिया है। बड़ी संख्या में ग्रामीण धरने पर बैठ गए हैं और उन्होंने प्रशासन से लिखित आदेश की मांग की है कि गांव में शराब दुकान नहीं खोली जाएगी। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक प्रशासन औपचारिक आदेश जारी कर प्रस्ताव को निरस्त नहीं करता, तब तक वे धरना-प्रदर्शन जारी रखेंगे। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि “बिना लिखित आदेश के हम शांत नहीं बैठेंगे। रविवार को कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर धरना स्थल पहुंचे और आंदोलन को हर स्तर पर समर्थन देने की घोषणा,जानकारी के मुताबिक नपं अध्यक्ष दयानंद सोनकर ने पूर्व सीएम भुपेश बघेल से मिलकर ग्रामीणों के आंदोलन को समर्थन देने का आग्रह किया
प्रस्तावित दुकान स्थल को लेकर ग्रामीणों ने आपत्ति जताते हुए कहा कि यह स्थान सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से अति संवेदनशील है। पास ही नदी, श्मशान घाट और प्राचीन शिव मंदिर स्थित हैं, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत होंगी और स्थानीय संस्कृति को ठेस पहुंचेगी। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि शराब दुकान खुलने से अपराध और असामाजिक गतिविधियों में वृद्धि होगी, जिसका नकारात्मक प्रभाव युवाओं और बच्चों पर पड़ेगा।
इगौरतलब है कि इससे पहले ग्रामीणों ने एसडीएम दुर्ग से मुलाकात कर अपनी शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर अभिजीत सिंह से मिलकर भी आपत्ति जताई। कलेक्टर ने ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है, लेकिन जब तक आधिकारिक निर्णय नहीं आता, तब तक विरोध थमने के आसार नहीं हैं।