भिलाई नगर से हुआ सांसद खेल महोत्सव 2025 का भव्य आगाज, सांसद विजय बघेल ने मशाल प्रज्वलित कर बढ़ाया ‘स्वस्थ भारत–विकसित भारत’ का संकल्प

भिलाई नगर। सेक्टर-2 बॉस्केटबॉल स्टेडियम, भिलाई नगर में रविवार को सांसद खेल महोत्सव 2025 का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल रहे। महोत्सव के प्रारंभ अवसर पर विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए सांसद विजय बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना “स्वस्थ भारत, खेलेगा इंडिया तो बढ़ेगा इंडिया और स्वच्छ भारत” केवल नारा नहीं बल्कि देश को विश्व गुरु बनाने की दिशा में लिया गया संकल्प है। उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि खेल और स्वास्थ्य को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाकर राष्ट्र निर्माण में सहयोग दें।

महोत्सव का शुभारंभ मशाल प्रज्वलन के साथ हुआ। यह मशाल दुर्ग जिले के 9 विधानसभा क्षेत्रों – उतई, पाटन, कुम्हारी, अहिवारा, बेरला, बेमेतरा, नवागढ़, साजा, धमधा, दुर्ग और भिलाई नगर – से गुजरते हुए शाम 6:40 बजे पुनः सेक्टर-2 स्टेडियम लौटेगी। इस मशाल दौड़ की कुल दूरी 230 किलोमीटर से अधिक तय की जाएगी। महोत्सव में आधुनिक और पारंपरिक खेलों दोनों का समावेश किया गया है। आधुनिक खेलों में कुश्ती, वेटलिफ्टिंग, योगासन, एथलेटिक्स और वॉलीबॉल शामिल हैं, वहीं पारंपरिक खेलों में सुरीली कुर्सी, फुगड़ी, गेड्डी, खो-खो और कबड्डी जैसी प्रतियोगिताएं कराई जा रही हैं। 9 वर्ष से लेकर 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग तक सभी खिलाड़ियों – महिला, पुरुष और दिव्यांग – की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।

महोत्सव के दौरान विभिन्न पड़ावों पर जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने मशाल रैली का स्वागत किया। उतई चौक पर विधायक ललित चंद्राकर, पाटन में नगर परिषद अध्यक्ष निक्की भाले एवं सांसद प्रतिनिधि राजा पाठक, नीलाम चंद्राकर ने स्वागत कर पूजा-अर्चना की और रैली को आगे रवाना किया। इस अवसर पर सांसद विजय बघेल के साथ शशि बघेल, महेश वर्मा, राम खिलावन साहू, अरविंद खुराना, प्रमोद सिंह, भागचंद जैन सहित अनेक गणमान्यजन एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *