भिलाई। दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल के नेतृत्व में सांसद खेल महोत्सव 2025-26 का आज सेक्टर-2 स्टेडियम, भिलाई से भव्य शुभारंभ हुआ। भारत माता और सरस्वती माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ विधिवत उद्घाटन किया गया।महोत्सव की शुरुआत सुबह 9 बजे मशाल दौड़ से हुई, जो लोकसभा क्षेत्र की उतई, पाटन, कुम्हारी, अहिवारा, बेरला, बेमेतरा, नवागढ़, साजा, धमधा, दुर्ग और भिलाई नगर सहित 9 विधानसभा क्षेत्रों से गुज़री। कुल 240 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद रात्रि 8 बजे मशाल दौड़ पुनः सेक्टर-2 स्टेडियम में पहुंचकर समाप्त हुई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया अभियान से प्रेरित इस आयोजन का उद्देश्य स्थानीय खेल प्रतिभाओं को मंच देना और खेलों के माध्यम से समाज को फिटनेस की ओर अग्रसर करना है।आयोजन में आधुनिक खेलों—कुश्ती, वेटलिफ्टिंग, योगासन, एथलेटिक्स, वॉलीबॉल—के साथ पारंपरिक खेलों—सुरीली कुर्सी, फुगड़ी, गेड्डी, खो-खो, कबड्डी—का भी समावेश किया गया। इसमें 9 वर्ष से लेकर 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग तक के महिला, पुरुष और दिव्यांग खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रास्ते भर मशाल रैली का स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जनता ने गर्मजोशी से स्वागत किया। दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, मंत्री दयालदास बघेल, दुर्ग विधायक रिंकेश सेन, भाजपा जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन सहित कई नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।समापन कार्यक्रम में सांसद विजय बघेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे। तीन महीने तक चलने वाला यह आयोजन 25 दिसम्बर, भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर सम्पन्न होगा।
मौके पर सांसद विजय बघेल ने कहा कि यह महोत्सव ग्रामीण अंचलों की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम बनेगा। यह केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि फिटनेस जागरूकता, सामाजिक एकता और प्रतिभा प्रोत्साहन का महापर्व है, जो आने वाले समय में दुर्ग लोकसभा को खेलों की विशेष पहचान दिलाएगा।