सांसद विजय बघेल ने लोकसभा में उठाया सेक्टर-9 अस्पताल के विस्तार का मुद्दा, 193 करोड़ का बजट आवंटित

सांसद विजय बघेल ने लोकसभा में उठाया सेक्टर-9 अस्पताल के विस्तार का मुद्दा, 193 करोड़ का बजट आवंटित

नई दिल्ली/दुर्ग। दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल ने क्षेत्र के प्रतिष्ठित चिकित्सालय पं. जवाहर लाल नेहरू सेक्टर-9 अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर लोकसभा में जोरदार आवाज उठाई। सांसद ने अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र के बुनियादी ढांचे के विकास, चिकित्सा सेवाओं के विस्तार और अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता को लेकर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री, भारत सरकार का ध्यान आकर्षित कराया। सांसद विजय बघेल ने लोकसभा में अस्पताल के संचालन, रखरखाव और बेहतर देखभाल के लिए मेडिकल एवं नॉन-मेडिकल स्टाफ के रिक्त पदों पर नियुक्ति तथा इसके लिए बजट बढ़ाने का प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने कहा कि सेक्टर-9 अस्पताल न केवल दुर्ग-भिलाई, बल्कि आसपास के जिलों के मरीजों के लिए भी एक प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है, इसलिए यहां संसाधनों और मानवबल का सुदृढ़ीकरण अत्यंत आवश्यक है।

इस पर भारत सरकार के इस्पात मंत्रालय की ओर से जानकारी दी गई कि वर्तमान में सेक्टर-9 अस्पताल में 142 चिकित्सक, 399 गैर-चिकित्सीय स्टाफ के अलावा 130 प्लेसमेंट कर्मचारी मेडिकल एवं हेल्थ सर्विस में तैनात हैं, जो अस्पताल के संचालन को सुचारू रूप से संभाल रहे हैं।
मंत्रालय ने यह भी बताया कि सेक्टर-9 अस्पताल में मल्टी डिसिप्लनरी और सुपर स्पेशियलिटी मल्टी सर्विसेस के विस्तार के साथ एडवांस डायग्नोस्टिक सुविधाओं के लिए 193 करोड़ रुपए का बजट आवंटित किया गया है। इस बजट से सीटी स्कैन, 3 टेस्ला एमआरआई, न्यूक्लियर मेडिसिन, अल्ट्रा सोनोग्राफी, एडवांस लैबोरेटरी व ब्लड सेंटर, वेंटिलेटर सहित अन्य अत्याधुनिक मेडिकल उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
सांसद विजय बघेल ने सेक्टर-9 अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए केंद्रीय इस्पात मंत्री एवं केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस निर्णय से क्षेत्र के मरीजों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का सीधा लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *