“मानव तस्करी और ननों की गिरफ्तारी पर बोले सांसद विजय बघेल – राहुल और प्रियंका कर रहे हैं भ्रामक प्रचार, अपराधियों को बचाने की हो रही कोशिश”

दुर्ग। दुर्ग रेलवे स्टेशन में हाल ही में हुई धर्मांतरण और मानव तस्करी की घटना पर सियासत गर्मा गई है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल के पत्र और राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी वाड्रा द्वारा सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों पर सांसद विजय बघेल ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

सांसद बघेल ने कहा कि राहुल और प्रियंका ने बिना तथ्यों की पुष्टि किए छत्तीसगढ़ सरकार पर आरोप लगाते हुए जिस प्रकार की भ्रामक जानकारी फैलाई है, वह दुर्भाग्यजनक है। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुखद है कि एक तरफ आदिवासी युवतियां खुद पुलिस के पास रोते हुए सहायता मांगने गईं और दूसरी ओर राष्ट्रीय स्तर के नेता अपराधियों के पक्ष में खड़े होकर तथ्यों को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं का यह रवैया न केवल मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराध को हल्के में लेना है, बल्कि राष्ट्रवादी संगठनों की छवि धूमिल करने का सुनियोजित प्रयास भी है।

सांसद बघेल ने कहा –“यह अत्यंत शर्मनाक है कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा पीड़ितों की बजाय आरोपियों के पक्ष में खड़े हैं। छत्तीसगढ़ की संवेदनशील और जवाबदेह सरकार किसी भी दोषी को नहीं छोड़ेगी। चाहे आरोपी कोई भी हो, कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।”

सांसद ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार ने युवतियों की शिकायत पर विधिसम्मत और संवेदनशील कार्रवाई की है और राष्ट्रवादी कार्यकर्ताओं ने केवल सामाजिक जिम्मेदारी के तहत प्रशासन को जानकारी दी थी। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस बार-बार झूठे प्रचार के माध्यम से सामाजिक ताने-बाने को तोड़ने और अल्पसंख्यक समुदाय के नाम पर राजनीति करने का प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *