भिलाई, दुर्ग। शिवभक्ति की लहर में डूबने को तैयार है औद्योगिक नगरी भिलाई। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के मुखारविंद से शिव महापुराण कथा का भव्य आयोजन 30 जुलाई से 5 अगस्त 2025 तक भिलाई के जयंती स्टेडियम में होने जा रहा है। आयोजन को लेकर शहर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है,पंडाल अभी से भर गया है, वहीं लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए दुर्ग जिला यातायात पुलिस ने विशेष यातायात योजना लागू कर दी है।
कई मार्गों पर प्रतिबंध, पैदल आवाजाही भी सीमित
आयोजन की विशालता को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने फॉरेस्ट एवेन्यू मार्ग को पूरी तरह बंद करने का निर्णय लिया है। उतई तिराहा से जवाहर उद्यान चौक तक सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। श्रद्धालुओं के पैदल आने पर भी इस मार्ग पर प्रतिबंध लागू रहेगा।
पार्किंग एवं डायवर्शन की विस्तृत व्यवस्था
विभिन्न दिशाओं से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग रूट और पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं:
रायपुर, चरोदा व भिलाई-03 से आने वाले वाहन भिलाई विद्यालय सेक्टर-2/6 में पार्किंग करेंगे।
बेमेतरा, धमधा और दुर्ग की ओर से आने वाले वाहन सेक्टर-7 स्कूल ग्राउंड या सेक्टर-6 पुलिस ग्राउंड में पार्किंग करेंगे।
राजनांदगांव व बालोद से आने वाले श्रद्धालु हेलीपैड ग्राउंड या फुटबॉल ग्राउंड में पार्क कर सकते हैं।
धमतरी व पाटन से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी हेलीपैड और फुटबॉल ग्राउंड पार्किंग तय की गई है।
भारी वाहन रहेंगे पूर्णतः प्रतिबंधित
पूरे आयोजन की अवधि में आयोजन स्थल के आस-पास भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः निषिद्ध रहेगा।
श्रद्धालुओं से प्रशासन की अपील-
यातायात विभाग ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का पालन करें तथा यातायात पुलिस के निर्देशों का सहयोगपूर्वक पालन करें, जिससे यह भव्य आध्यात्मिक आयोजन शांतिपूर्वक और गरिमामयी ढंग से संपन्न हो सके