
पाटन। जनपद पंचायत अध्यक्ष कीर्ति नायक ने कहा कि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल जनहित के कार्यों को सदैव सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं। उनकी अनुशंसा पर स्वीकृत जनसंपर्क निधि से जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता मिल रही है, जो उनकी संवेदनशील कार्यशैली और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का परिचायक है। बुधवार को जनपद पंचायत पाटन कार्यालय में आयोजित वित्तीय वर्ष 2025-26 के जनसंपर्क निधि वितरण कार्यक्रम के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए कीर्ति नायक ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना जनप्रतिनिधियों का दायित्व है। जनसंपर्क निधि केवल आर्थिक सहयोग का माध्यम नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशील सोच और जनकल्याण की भावना का प्रतीक है।
उन्होंने जनसंपर्क निधि की स्वीकृति के लिए सांसद विजय बघेल तथा दुर्ग जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दोनों के सहयोग से पाटन क्षेत्र में विकास एवं जनहित के कार्यों को निरंतर गति मिल रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस सहायता से अनेक परिवारों को राहत मिलेगी और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा। कार्यक्रम में सांसद विजय बघेल की अनुशंसा एवं प्रभारी मंत्री विजय शर्मा की स्वीकृति से वित्तीय वर्ष 2025-26 के पात्र हितग्राहियों को जनसंपर्क निधि के तहत आर्थिक सहायता राशि वितरित की गई।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रजनी विजय बघेल रहीं। अध्यक्षता जनपद पंचायत अध्यक्ष कीर्ति नायक ने की, जबकि जिला पंचायत दुर्ग की सभापति नीलम राजेश चंद्राकर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर नगर पंचायत पाटन अध्यक्ष योगेश निक्की भाले, पार्षद संगीता धुरंधर, सांसद प्रतिनिधि राजेश चंद्राकर, शासन प्रतिनिधि राजा पाठक, अमलेश्वर मंडल अध्यक्ष कमलेश चंद्राकर, पार्षद प्रतिनिधि बाबा वर्मा, सरपंच राकेश शर्मा, जनपद सदस्य भास्कर वर्मा एवं दुलेश्वर मानपुर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी महेंद्र जांगड़े सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, हितग्राही और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।