सांसद विजय बघेल 28 सितंबर को पाटन क्षेत्र के दौरे पर, सेलूद और जामगांव आर में महतारी सदन का करेंगे लोकार्पण, महिला समूहों को सौंपेंगे महतारी सदन की चाबी

पाटन। दुर्ग सांसद विजय बघेल 28 सितंबर 2026, सोमवार को पाटन विकासखंड क्षेत्र के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सेवा, संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रमों में वे विद्यार्थियों से संवाद करेंगे तथा सेलूद और जामगांव आर में नवनिर्मित महतारी सदन भवनों का लोकार्पण करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सांसद विजय बघेल दोपहर 12:30 बजे सेजेस स्कूल पाटन पहुंचेंगे, जहां विकासखंड स्तरीय सेवा, संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिता में शामिल होकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करेंगे। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे ग्राम सेलूद पहुंचकर नवनिर्मित महतारी सदन का लोकार्पण करेंगे और संबंधित महिला समूह को भवन की चाबी सौंपेंगे।
इसी क्रम में दोपहर 3 बजे सांसद ग्राम जामगांव आर पहुंचेंगे, जहां नवनिर्मित महतारी सदन का लोकार्पण कर महिला समूह को भवन की चाबी प्रदान करेंगे।

गौरतलब है कि महतारी सदन का उपयोग महिला समूहों की बैठकों, सामूहिक गतिविधियों तथा विभिन्न सामाजिक एवं आर्थिक कार्यों के लिए किया जाएगा। वहीं सेवा, संकल्प अभियान के तहत आयोजित ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, अभिव्यक्ति क्षमता और सेवा भावना को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, महिला समूहों, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं क्षेत्रवासियों की सहभागिता रहेगी, उक्त जानकारी सांसद प्रतिनिधि राजा पाठक ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *