सेवा, श्रद्धा और स्नेह के साथ मनाया गया सांसद विजय बघेल का जन्मदिवस, बधाई देने समर्थकों का लगा तांता…

(गौ पूजा, मंदिर दर्शन, रक्तदान शिविर और विशेष बच्चों के साथ मनाया जन्मदिन l

भिलाई/दुर्ग। दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल का 66वां जन्मदिवस रविवार को उनके सेक्टर-5 स्थित निवास पर बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुबह से ही समर्थकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा आम नागरिकों का उनके निवास पर तांता लगा रहा। सभी ने उन्हें जन्मदिवस की बधाई देते हुए स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल सार्वजनिक जीवन की कामना की।
जन्मदिवस के अवसर पर सांसद विजय बघेल ने दिन की शुरुआत अपने निवास पर गौ माता की पूजा-अर्चना से की। उन्होंने गौ माता को गुड़-चना खिलाकर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके पश्चात उन्होंने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती रजनी बघेल एवं परिवारजनों के साथ सेक्टर-5 स्थित श्री सिद्धिविनायक मंदिर, श्री वेंकटेश्वर बालाजी मंदिर, श्री भ्रदेश्वर महाकाल शिव मंदिर तथा शिर्डी साईं मंदिर पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना कर जनकल्याण की प्रार्थना की। सांसद बघेल ने अपने जन्मदिवस को सेवा और परमार्थ के रूप में मनाते हुए सेक्टर-2 स्थित फील परमार्थ फाउंडेशन पहुंचकर मानसिक रूप से कमजोर एवं विशेष बच्चों के साथ समय बिताया तथा उनके साथ सादगीपूर्ण तरीके से जन्मदिन मनाया। इस दौरान उन्होंने संस्थान के बच्चों और संचालकों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इसी क्रम में उनके निवास पर रेड ड्रॉप फ्रेंड्स क्लब छत्तीसगढ़ द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। इस दौरान प्रदेश के कैबिनेट मंत्री Gajendra Yadav भी उनके निवास पहुंचे और जन्मदिवस की बधाई दी। वहीं बीएसपी वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष उज्ज्वल दत्ता के नेतृत्व में कर्मचारियों ने सांसद बघेल के साथ केक काटकर जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। इसके अलावा चरौदा के वरिष्ठ समाजसेवी जुना दादा विश्वनाथ सिन्हा अपने साथियों के साथ पहुंचे और परंपरागत तरीके से मिठाई से तौलकर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी।
सांसद विजय बघेल को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के लिए दुर्ग लोकसभा क्षेत्र की नौों विधानसभाओं से जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, सामाजिक संगठन, समाजसेवी तथा बड़ी संख्या में आमजन उनके निवास पहुंचे।
इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का स्नेह और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है और वे सदैव क्षेत्र के विकास एवं जनसेवा के लिए समर्पित रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *