उतई में आपसी विवाद बना जानलेवा — पाँच आरोपियों ने लाठी-डंडे से की युवक की हत्या, दुर्ग पुलिस ने सभी को किया गिरफ्तार

उतई में आपसी विवाद बना जानलेवा — पाँच आरोपियों ने लाठी-डंडे से की युवक की हत्या, दुर्ग पुलिस ने सभी को किया गिरफ्तार

दुर्ग/उतई। थाना उतई क्षेत्र अंतर्गत डुमरडीह स्थित पाण्डेय प्लाईवुड फैक्ट्री में आपसी विवाद के चलते एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना में शामिल पाँचों आरोपियों को दुर्ग पुलिस ने ऑपरेशन विश्वास के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राहुल कुमार पिता दया रजक (24 वर्ष) निवासी ग्राम केर, थाना कौंच, जिला गया (बिहार) के रूप में हुई है, जो फैक्ट्री में श्रमिक के रूप में कार्यरत था।

सूचनाकर्ता प्रहलाद यादव, निवासी रायपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि राहुल कुमार की उसके ही कार्यस्थल के साथियों — अटल पाण्डेय, राहुल सिंह, अक्षय यादव, अमरनाथ प्रजापति और अंजनी सिंह उर्फ मनीष कुमार — से पूर्व में काम के बँटवारे और व्यवहार को लेकर विवाद चल रहा था। जानकारी के मुताबिक 5 नवंबर की रात, उक्त पाँचों ने राहुल कुमार के साथ मिलकर अश्लील गाली-गलौज, धमकियाँ देते हुए लाठी, डंडा, लात-घूँसों से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। घायल राहुल को गंभीर हालत में छोड़कर आरोपी बिना सूचना दिए बस स्टैंड उतई में फेंककर भाग गए। बाद में राहुल का शव वहीं बरामद हुआ।

पुलिस ने प्रकरण में अपराध क्रमांक 451/2025 धारा 103, 296, 351(3), 238, 189, 190 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है। विवेचना के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि मृतक और साइट इंचार्ज अटल पाण्डेय के बीच पूर्व से विवाद चल रहा था, जिसके चलते सामूहिक रूप से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई।

गिरफ्तार आरोपी:
1️⃣ अटल पाण्डेय उर्फ प्रदीप पाण्डेय, निवासी प्रतापगढ़ (उ.प्र.)
2️⃣ अंजनी सिंह उर्फ मनीष कुमार, निवासी मिर्जापुर (उ.प्र.)
3️⃣ अमरनाथ प्रजापति, निवासी गोरखपुर (उ.प्र.)
4️⃣ राहुल सिंह, निवासी चित्रकूट (उ.प्र.)
5️⃣ अक्षय कुमार यादव, निवासी पटना (बिहार)

पुलिस ने उक्त आरोपियों के कब्जे से मोटरसाइकिल, लाठी-डंडा, मोबाइल फोन एवं अन्य सामग्री जब्त कर ली है। सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। इस कार्रवाई में थाना उतई के निरीक्षक महेश कुमार ध्रुव, सउनि सुरेश पाण्डेय, प्रआर नेमूप्रसाद साहू, आरक्षक धुवनारायण चन्द्राकर, राजीव दुबे, महेश यादव, और दिलीप सिदार की सराहनीय भूमिका रही।

थाना प्रभारी, उतई ने बताया कि “हत्या के पीछे के दूसरे पहलुओं की भी जांच जारी है। किसी भी प्रकार के साक्ष्य या भूमिका पर गंभीरता से विवेचना की जा रही है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *