दुर्ग। दुर्ग जिले के केलाबाड़ी स्थित शासकीय प्राथमिक-पूर्व माध्यमिक शाला में कथित तंत्र-मंत्र जैसी गतिविधियों और तोड़फोड़ की घटनाओं से हड़कंप मच गया है। पिछले एक सप्ताह से लगातार सामने आ रही घटनाओं ने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्कूल प्रबंधन के अनुसार, कुछ दिन पहले क्लासरूम के बाहर चुनरी, माला और गोबर-मिट्टी से बने संदिग्ध निशान देखे गए थे, जिन्हें तंत्र-मंत्र से जोड़कर देखा जा रहा है। इसके बाद क्लासरूम के भीतर भी इसी प्रकार के निशान पाए गए। शिक्षकों ने बताया कि मामले की पूर्व में पुलिस को सूचना दी गई थी, लेकिन घटनाएं थमने के बजाय बढ़ती गईं।
ताजा घटनाक्रम में अज्ञात असामाजिक तत्वों ने स्कूल परिसर में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की। टेबल-कुर्सियों को क्षतिग्रस्त करने के साथ एक कक्षा में रखे फर्नीचर को आग के हवाले कर दिया गया। महत्वपूर्ण शैक्षणिक दस्तावेज भी जला दिए गए, जिससे स्कूल प्रशासन को भारी नुकसान हुआ है। क्लासरूम के पंखे, लाइट, बिजली बोर्ड और बोर के केबल तक तोड़ दिए गए, जिससे पेयजल व्यवस्था प्रभावित हो गई है।
गौरतलब है कि इससे पूर्व जिले के बोरसी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में भी कथित तंत्र-मंत्र से जुड़ा मामला सामने आया था। इस घटना के बाद अब प्राथमिक और मिडिल स्कूल को निशाना बनाए जाने से स्थानीय नागरिकों में असुरक्षा की भावना और गहरी हो गई है।
केलाबाड़ी स्कूल में पहली से आठवीं तक की कक्षाएं संचालित होती हैं। लगातार हो रही घटनाओं के कारण बच्चों और शिक्षकों में भय का माहौल है। कई अभिभावकों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। शिक्षकों ने पुनः पद्मनाभपुर थाना में शिकायत दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।