उतई। उतई स्थित शासकीय दानवीर तुलाराम स्नातकोत्तर महाविद्यालय में वार्षिक उत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं राज्य ग्रामीण तथा अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ललित चंद्राकर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ ज्ञानदायिनी मां सरस्वती के तैल चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा ‘ऑपरेशन सिन्दूर’, भारतीय संस्कृति और छत्तीसगढ़ी परंपरा से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनोहारी प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने सराहा।.समारोह में प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं एवं खेल क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
प्राचार्य डॉ. शुभा शर्मा ने महाविद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए कहा कि महाविद्यालय न केवल शैक्षणिक गतिविधियों में अग्रणी है, बल्कि खेल एवं सामाजिक गतिविधियों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक ललित चंद्राकर ने अपने उद्बोधन में कहा कि वार्षिकोत्सव केवल उपलब्धियों का उत्सव नहीं, बल्कि वर्षभर की मेहनत, समर्पण और अनुशासन का सम्मान है। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जहां से ज्ञान प्राप्त हो, उसका सदैव सम्मान करना चाहिए, क्योंकि ज्ञान ही जीवन के अंधकार को दूर कर मार्गदर्शन करता है। निरंतर अध्ययन और अभ्यास से प्राप्त अनुभव ही सफलता का आधार बनता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा, परिश्रम एवं उत्कृष्टता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हैं और युवा पीढ़ी को उच्च उपलब्धियों की ओर अग्रसर होने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम में उतई भाजपा मंडल अध्यक्ष शीतला ठाकुर, महामंत्री चंदू देवांगन, प्रवीण यदु, विमला कामड़े, सोहन रिगरी, बृजमोहन साहू, राकेश देवांगन, क्षेत्रीय अपर संचालक डॉ. अनुपमा अस्थाना, रानीतराई महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए.के. मिश्रा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।