जामगांव आर । शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय जामगांव आर में शासन के निर्देशानुसार मादक पदार्थों और मोबाइल की लत से दूर रहने का संदेश देने हेतु जागरूकता कार्यक्रम और रैली का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन जीने की शपथ दिलाई गई और उन्हें स्वस्थ समाज एवं स्वस्थ युवा निर्माण के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने “शराब करेगी जीवन खराब” और “मोबाइल छोड़ें, प्रकृति से जुड़ें” जैसे नारों के साथ रैली निकाली। राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी श्रीमती चेतना सोनी ने मोबाइल गेमिंग के दुष्प्रभाव और अभिभावकों पर लगाए जा सकने वाले जुर्माने की जानकारी दी। रेड क्रॉस प्रभारी डॉ. संतोष पांडे ने नशे के शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव बताए।
वरिष्ठ प्राध्यापक श्री रजनीश कांत तिवारी और डॉ. आबिद हसन ने विद्यार्थियों को आकस्मिक निरीक्षण और गुटखा जैसे नशे के उत्पादों पर रोक से संबंधित जानकारी दी। प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने मोबाइल गेमिंग से होने वाले नुकसान पर विशेष जोर देते हुए विद्यार्थियों को नशा छोड़कर अध्ययन और समाजसेवा की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया।
राष्ट्रीय सेवा योजना और रेड क्रॉस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सक्रिय सहयोग रहा। विद्यार्थियों ने स्वयं, परिवार और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प दोहराया।