पाटन। ग्राम नारायणपुर (घुघुवा क) स्थित नारायणधाम में श्री मंगल मूर्ति मारुती यज्ञ सेवा समिति एवं समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से नवदिवसीय श्री मन्मानस महायज्ञ एवं श्रीमद् देवी भागवत कथा का भव्य आयोजन 7 से 16 मार्च 2026 तक किया जा रहा है। धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर कथा श्रवण कर रहे हैं और यज्ञ में आहुतियां देकर पुण्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं। यज्ञाचार्य वीरेंद्र चौबे (नेवनारा, बेरला) ने जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन के षष्ठम दिवस पर आवाहित देवी-देवताओं के पूजन के पश्चात भगवान श्री लक्ष्मीनारायण का षोडशोपचार पूजन एवं अभिषेक किया गया। इसके बाद रामचरितमानस की चौपाइयों एवं दोहों पर आहुति दी गई तथा यज्ञ भगवान की आरती कर सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय एवं विश्व कल्याण की कामना की गई। श्रद्धालु प्रतिदिन यज्ञ स्थल की परिक्रमा कर पुण्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
12 मार्च की रात्रि में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में छॉलीवुड के प्रसिद्ध गायक लिलेश्वर सिन्हा, गायिका पिंकी साहू, प्रोड्यूसर मीनाक्षी पांडे एवं उनकी टीम ने भजन ऑर्केस्ट्रा की मनमोहक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और भक्ति संगीत का आनंद लिया। आयोजन समिति के कार्यकारी अध्यक्ष सभापति प्रणव शर्मा ने बताया कि देवी भागवत पुराण कथा के पंचम दिवस पर छत्तीसगढ़ शासन के योग आयोग के अध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा) रूपनारायण सिन्हा ने कथा व्यास आचार्य रोहण कृष्ण शर्मा से आशीर्वाद प्राप्त कर कथा श्रवण किया। इस अवसर पर संत श्री रविकर साहेब, संत श्री घनश्याम साहेब, योगीराज साहू, बैजनाथ राय, गौरव देवांगन, शत्रुघ्न देवांगन तथा राजकुमार बघेल सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
आयोजन के तहत प्रतिदिन सुबह 8 बजे मानस यज्ञ, दोपहर 2:30 बजे से देवी भागवत कथा तथा रात्रि 8 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम व 13 मार्च से पंडवानी का आयोजन किया जा रहा है, जो 15 मार्च तक चलेगा।
समिति के पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि आज दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल नारायणधाम, ग्राम घुघुवा (क) पहुंचकर देवी भागवत कथा का श्रवण करेंगे।
आयोजक समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस पावन धार्मिक आयोजन में तन, मन और धन से सहयोग करते हुए पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।