भरर में 25–26 अप्रैल को 23वीं तहसील स्तरीय विशाल कर्मा जयंती व सामूहिक आदर्श विवाह, तैयारियों को लेकर हुई महत्वपूर्ण बैठक

जामगांव आर । तहसील साहू संघ पाटन के तत्वावधान में 23वीं तहसील स्तरीय विशाल कर्मा जयंती एवं सामूहिक आदर्श विवाह समारोह का आयोजन 25 और 26 अप्रैल को ग्राम भरर में धान खरीदी केंद्र के पास मैदान में किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को तहसील साहू संघ पाटन, परिक्षेत्र जामगांव (आर) तथा स्थानीय साहू समाज भरर के संयुक्त तत्वावधान में बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा और जिम्मेदारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान पदाधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण भी किया तथा प्रशासन से शीघ्र खरीदी केंद्र से धान उठाने का आग्रह किया। बैठक की शुरुआत भक्त शिरोमणि माता कर्मा की पूजा-अर्चना के साथ हुई। बैठक को संबोधित करते हुए तहसील अध्यक्ष लालेश्वर साहू ने कहा कि कार्यक्रम को भव्य और सफल बनाने के लिए समाज के सभी लोगों को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने सामूहिक आदर्श विवाह के लिए वर-वधु की जानकारी एकत्र करने की अपील करते हुए अधिक से अधिक जोड़ों को इस आयोजन में शामिल करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि 25 अप्रैल को कलश यात्रा, महिला सम्मेलन एवं तेलमाटी–चुलमाटी की रस्में संपन्न होंगी। वहीं 26 अप्रैल को भक्त माता कर्मा की 1010वीं जयंती के अवसर पर महाआरती, बारात स्वागत, हिंदू रीति-रिवाज से विवाह, अतिथियों का सम्मान तथा वर-वधु की विदाई के साथ कार्यक्रम संपन्न होगा।

परिक्षेत्रीय अध्यक्ष पारखत साहू ने कहा कि इस बार विशाल कर्मा जयंती एवं सामूहिक आदर्श विवाह का आयोजन जामगांव (आर) परिक्षेत्र में हो रहा है, इसलिए सभी की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। उन्होंने भरर इकाई के प्रत्येक परिवार से तन, मन और धन से सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक आदर्श विवाह किसी महाकुंभ से कम नहीं है, जिसमें साहू समाज के साथ अन्य पिछड़ा वर्ग के वर-वधुओं का विवाह भी संपन्न कराया जाएगा। जिला महासचिव अश्वनी साहू सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी बैठक को संबोधित करते हुए बताया कि समाज के सहयोग से प्रत्येक परिवार से 50 रुपये की आर्थिक सहायता और पांच किलो चावल के अन्नदान के माध्यम से कार्यक्रम को भव्य बनाया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत 1010 कलश यात्रा के साथ होगी, जिसमें महिलाओं और युवतियों से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गई।

बैठक में तहसील अध्यक्ष लालेश्वर साहू, जिला महासचिव अश्वनी साहू, तहसील उपाध्यक्ष डूलेश्वर साहू, संगठन सचिव सुरेंद्र साहू, श्रीमती भुनेश्वरी साहू, महासचिव महेंद्र साहू, पूर्व तहसील अध्यक्ष गंगादिन साहू, परिक्षेत्रीय अध्यक्ष पारखत साहू, टेसराम साहू, श्रीमती भानुप्रिया साहू, परमानंद साहू सहित विभिन्न इकाइयों के पदाधिकारी और प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक का संचालन महासचिव महेंद्र साहू ने किया तथा आभार संगठन सचिव श्रीमती भुनेश्वरी साहू ने व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *