ग्रामीण परिवहन को नई उड़ान—मुख्यमंत्री ने शुरू किया ग्रामीण बस योजना का दूसरा चरण, 180 गांव जुड़े बस सुविधा से

रायपुर, 10 दिसंबर 2025। छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना ने आज एक और ऐतिहासिक कदम बढ़ाया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय से योजना के द्वितीय चरण का वर्चुअल शुभारंभ किया और नई बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दूसरे चरण में बस्तर और सरगुजा संभाग के 10 जिलों के 23 मार्गों पर 24 नई बसों की शुरुआत की गई है। इससे प्रदेश के करीब 180 सुदूर वनांचल गांवों को सीधे बस सेवा से जोड़ा गया है।

कार्यक्रम में कई ग्रामीण उसी बस से पहुंचे जो योजना के पहले चरण में चलाई गई थी। ग्रामीणों ने बताया कि अब ब्लॉक मुख्यालयों तक पहुंचना पहले की तुलना में आसान और सुरक्षित हो गया है। सुकमा–दोरनापाल–कोंटा मार्ग से आए ग्रामीणों ने बताया कि वे लगभग 110 किलोमीटर की लंबी दूरी बस से आराम से तय कर कार्यक्रम तक पहुंचे, जबकि पहले यह सफर कठिन और समय लेने वाला था।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि प्रदेश का कोई भी गांव विकास की मुख्यधारा से अछूता न रहे। उन्होंने इस योजना को ग्रामीणों को शहरों से जोड़ने वाला मजबूत पुल बताते हुए कहा कि यह न केवल सुविधा बढ़ा रही है, बल्कि सामाजिक-आर्थिक समानता को भी मजबूती दे रही है। मुख्यमंत्री ने 180 गांवों के सभी ग्रामीणों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बेहतर यातायात सुविधा अब उनके जीवन को अधिक सुगम बनाएगी और प्रगति के नए रास्ते खोलेगी।

परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि जिन कठिन और जंगलों से घिरे क्षेत्रों में पहले कभी वाहनों का पहिया नहीं पहुंचा, वहां अब बस सेवाएं प्रारंभ हो चुकी हैं। यह योजना विशेषकर जनजातीय बहुल बस्तर और सरगुजा के लिए एक वरदान बन रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *