खर्रा गांव में इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना, ग्रामीणों ने दिखाई मानवता — बच्ची पूरी तरह स्वस्थ
टिकेंद्र वर्मा@रानीतराई। दुर्ग जिले के ग्राम खर्रा में बुधवार की सुबह एक ऐसी घटना सामने आई जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। हनुमान मंदिर परिसर में एक कपड़ों में लिपटी नवजात बच्ची मिली, जिसे देखकर हर किसी का दिल दहल गया। सुबह लगभग पांच बजे कुछ युवक मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, तभी उन्होंने मंदिर के पास से रोने की आवाज सुनी। पास जाकर देखा तो वहां गर्म कपड़ों में लिपटी एक नन्ही सी बच्ची पड़ी हुई थी। जब कपड़ा हटाकर देखा गया तो बच्ची स्वस्थ और जीवित थी।
पहले ग्रामीणों को लगा कि कोई भूलवश बच्ची को वहीं छोड़ गया होगा, लेकिन जब आसपास पूछताछ करने पर किसी ने भी उसकी पहचान नहीं की, तब यह स्पष्ट हो गया कि निर्दयी माता-पिता उसे जानबूझकर छोड़कर फरार हो गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में चर्चा फैल गई और मंदिर के पास लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल रानीतराई पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित रूप से जिला अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद बताया कि बच्ची पूरी तरह स्वस्थ है।
पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ धारा 93 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। इस घटना से क्षेत्र में आक्रोश और संवेदना दोनों का माहौल है। ग्रामीणों ने बच्ची को अपनाने की इच्छा भी जताई है।