जामगांव आर। शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय जामगांव आर भरर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) दिवस और पोषण सप्ताह का आयोजन संयुक्त रूप से किया गया। इस वर्ष का थीम “यूथ फॉर भारत एंड यूथ फॉर डिजिटल इंडिया” रखा गया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की सेक्टर सुपरवाइजर मेघा मोहरिल एवं पूजा गोस्वामी विशेष रूप ने उपस्थित रही। रासेयो प्रभारी प्रो. चेतना सोनी ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय सेवा योजना की अनिवार्य और विशेष गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा स्वयंसेवक को हमेशा “मैं नहीं, आप” की भावना से कार्य करना चाहिए। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों और संस्था के विकास का आधार है, जो समाज सेवा के साथ व्यक्तित्व निर्माण का अवसर देती है। बी.एससी. प्रथम सेमेस्टर की छात्रा कु. सतरूपा बांधे ने लक्ष्य गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में नवीन विद्यार्थियों को एनएसएस बैच, डायरी तथा माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने ग्राम भरर के आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को अच्छी आदतें सिखाने और उनके बुद्धि विकास में सहयोग करते हुए अपनी सामाजिक जिम्मेदारी भी निभाई।
◆ विद्यार्थियों को मिला स्वस्थ और आत्मनिर्भर भारत का मंत्र
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता के रूप में मेघा मोहरिल ने विद्यार्थियों को स्वस्थ भारत निर्माण हेतु पोषण का महत्व समझाया उन्होंने जंक फूड जैसे पिज़्ज़ा और मोमोज से दूर रहने तथा हरी सब्जियों और फलों को जीवन का हिस्सा बनाने पर बल दिया। महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम ने स्वदेशी भोजन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न हरी सब्जियों, फलों और रेडी-टू-ईट फूड की प्रदर्शनी लगाई। पूजा गोस्वामी ने प्रेरक गीत प्रस्तुत कर महिलाओं एवं विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का संदेश दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्राचार्य प्रो. नीता कुम्हारे ने की और विद्यार्थियों से अच्छे भोजन को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आग्रह किया। डॉ. रजनीश तिवारी ने विद्यार्थियों को “हरी सब्जियों से दोस्ती करने” की प्रेरणा दी। कार्यक्रम को सफल बनाने में रासेयो के स्वयंसेवक प्रवीण, पलक, ओणमिका सहित कई विद्यार्थियों एवं अधिकारियों का सहयोग रहा।