शासकीय महाविद्यालय जामगांव आर में राष्ट्रीय शिक्षा नीति छात्र संवेदीकरण कार्यक्रम का आयोजन

जामगांव आर । शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय जामगांव-आर भरर में आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) एवं राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर आधारित छात्र संवेदनशीलकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति विद्यार्थियों को नई दिशा और अवसर प्रदान करती है इससे शिक्षा केवल पुस्तकीय न रहकर व्यवहारिक एवं जीवनोपयोगी बनती है। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे इस नीति का अधिकतम लाभ उठाते हुए आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर हों। डॉ. संतोष पांडे ने कहा कि एनईपी 2020 शिक्षा को कौशल आधारित और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने विद्यार्थियों को अध्ययन के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़े रहने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. अरुणेन्द्र कुमार तिवारी (आईक्यूएसी प्रभारी) ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि यह नीति विद्यार्थियों की रचनात्मकता और कौशल विकास को बढ़ावा देती है। उन्होंने छात्रों को असाइनमेंट परीक्षा में बेहतर अंक प्राप्त करने के सुझाव दिए तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नई शिक्षा पद्धतियों और भारतीय ज्ञान परंपरा की भूमिका पर चर्चा की।

इस अवसर पर विद्यार्थियों चांदनी,योगिता,रश्मि देविका,थानेश्वर और नम्रता ने सक्रिय रूप से अपने विचार व्यक्त किए। छात्रा श्वेता साहू ने कार्यक्रम का संचालन तथा आभार प्रदर्शन जितेश ने किया। कार्यक्रम में प्रो नीता कुंभारे, एस. ठाकुर,डॉ. आबिद हसन खान,प्रो चेतना सोनी,मनोज यादव, मुकेश कठौतिया, मनीष साहू, प्रियम वैष्णव, मेजराम जोशी सहित अनेक प्राध्यापक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *