जामगांव आर । कुपोषण के खिलाफ राष्ट्रव्यापी अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण पखवाड़ा 2025 के तहत पाटन ब्लॉक के 267 आंगनबाड़ी केंद्रों में 8 से 22 मार्च तक विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं, किशोरियों और छह वर्ष से कम उम्र के बच्चों में पोषण स्तर में सुधार लाना रहा।
ग्राम पंचायत बेल्हारी के तीनों आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण पखवाड़ा के समापन दिवस पर मंगलवार को विशेष आयोजन सम्पन्न हुआ । इस अवसर पर बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया एवं गर्भवती महिलाओं को पोषण टोकरी प्रदान की गई। पोषण के प्रति जनजागरूकता फैलाने हेतु स्कूली बच्चों द्वारा साइकिल रैली भी निकाली गई, जिसमें ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में सरपंच अमित अग्रवाल, उपसरपंच मनीष चंद्राकर, गंगा यादव व रोहिणी सेंगर उपस्थित रहे। उन्होंने गर्भवती माताओं दुर्गा प्रजापति और यमिनी बंजारे का सम्मान किया, वहीं शिवकुमारी साहू व राधिका निषाद के बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार विधिपूर्वक सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अमृता कुर्रे, अनिता अग्रवाल, कुंती बंजारे, पत्रिका साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
◆ पोषण संबधी जनजागृति लाने का यह अभियान है-मेघा मोहरिल
इस संबंध में सेक्टर सुपरवाइजर मेघा मोहरिल ने बताया कि पोषण पखवाड़ा एक वार्षिक अभियान है, जिसका उद्देश्य पोषण संबंधी जन-जागरूकता बढ़ाना, कुपोषण को जड़ से मिटाना एवं सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से एक स्वस्थ समाज का निर्माण करना है। उन्होंने बताया कि पोषण पखवाड़ा के जरिए जामगांव आर क्षेत्र में स्वास्थ्य और पोषण को लेकर एक सकारात्मक संदेश प्रसारित हुआ, जिससे भविष्य में बेहतर पोषण परिणामों की अपेक्षा की जा रही है।