जामगांव आर । पाटन ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम बेल्हारी में मंगलवार दोपहर एक भीषण आगजनी की घटना से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, कुछ किसानों द्वारा मानसून पूर्व खेतों की सफाई के लिए पराली जलाई जा रही थी, लेकिन तेज़ गर्मी और हवा के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते आग गांव की बस्ती तक पहुँच गई और कई किसानों के पैरावट इसकी चपेट में आ गए।
इस अग्निकांड में ग्राम के टिकमलाल चंद्राकर, जितेंद्र धनकर, डोमन साहू सहित कई अन्य कृषकों का चारा पूरी तरह जलकर राख हो गया है इससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। ग्रामीणों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया और दमकल विभाग को सूचना दी गई, किंतु समाचार लिखे जाने तक दमकल वाहन बेल्हारी नहीं पहुंच पाया था।
स्थानीय ग्रामीण पास के जल स्रोतों से पानी लाकर आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं। घटनास्थल के पास कई घर होने से खतरा और बढ़ गया है। तेज गर्मी के कारण आग के और फैलने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन से त्वरित सहायता की मांग की जा रही है।