
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से सोशल मीडिया के जुनून से जुड़ी एक दर्दनाक घटना सामने आई है। रील बनाने के दौरान एक युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई। युवक के दोस्त मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड करते रहे, जबकि वह गहरे पानी में फंसकर डूब गया। करीब 24 घंटे बाद युवक का शव नदी से बरामद किया गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान निखिल सिंह के रूप में हुई है। घटना कुसमुंडा थाना क्षेत्र स्थित अहिरन नदी की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक निखिल अपने दोस्तों के साथ नदी किनारे घूमने गया था। इसी दौरान सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए रील बनाने का प्लान बनाया गया। वीडियो शूट के दौरान निखिल ने नदी में छलांग लगा दी।
बताया जा रहा है कि शुरुआत में दोस्तों को लगा कि निखिल मजाक या स्टंट कर रहा है, लेकिन कुछ ही देर में वह पानी के तेज बहाव में फंस गया। युवक को तैरने में परेशानी होने लगी और देखते ही देखते वह नदी में डूब गया। इस दौरान उसका दोस्त लगातार वीडियो बनाता रहा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे। नदी में युवक की तलाश के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया गया। करीब 24 घंटे की मशक्कत के बाद युवक का शव नदी से बाहर निकाला गया। शव मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि पुलिस ने लोगों से ऐसे संवेदनशील वीडियो शेयर नहीं करने की अपील की है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि सोशल मीडिया पर लाइक और फॉलोअर्स बढ़ाने की होड़ में युवा खतरनाक स्टंट कर रहे हैं, जो कई बार जानलेवा साबित हो रहे हैं।