जांजगीर में 4 लोगों की निर्मम हत्या का खुलासा : पुलिस जांच में सामने आई रिश्तों को शर्मसार करने वाली साजिश,बेटे-पोते ने ही उजाड़ दिया पूरा परिवार

जांजगीर में 4 लोगों की निर्मम हत्या का खुलासा : पुलिस जांच में सामने आई रिश्तों को शर्मसार करने वाली साजिश,बेटे-पोते ने ही उजाड़ दिया पूरा परिवार

जांजगीर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में हुए सनसनीखेज भवतरा चौहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एक ही परिवार के चार लोगों की बेरहमी से हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक के बेटे और पोते को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि जमीन विवाद के चलते दोनों ने मिलकर इस खूनी वारदात को अंजाम दिया था।
यह मामला शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के ग्राम भवतरा का है, जहां 70 वर्षीय मेदनीराम कश्यप, उनकी पत्नी, नाती और नातिन की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। पुलिस और साइबर टीम लगातार मामले की जांच में जुटी हुई थी।

जांच के दौरान पुलिस को कई तकनीकी और भौतिक साक्ष्य मिले। इसके आधार पर मृतक के बेटे सोनसाय कश्यप और उसके बेटे गोलू कश्यप से पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों बार-बार बयान बदलते रहे, जिससे पुलिस का शक गहरा गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने हत्या की साजिश और वारदात कबूल कर ली। पुलिस के मुताबिक सोनसाय कश्यप का अपने पिता मेदनीराम कश्यप के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। परिवार में संपत्ति बंटवारे को लेकर लगातार तनाव बना हुआ था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने अपने बेटे के साथ मिलकर पूरे परिवार को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी सोनसाय कश्यप का आपराधिक इतिहास रहा है। वर्ष 2009 में उसने अपने छोटे भाई पुनाउराम की हत्या की थी, जिसमें उसे आजीवन कारावास की सजा हुई थी। करीब दो साल पहले ही वह जेल से छूटकर गांव लौटा था। जेल से लौटने के बाद फिर से जमीन विवाद शुरू हो गया था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक मेदनीराम कश्यप ने पहले भी अपने बेटे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिस पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई थी। बावजूद इसके विवाद खत्म नहीं हुआ और आखिरकार पूरा परिवार खूनी साजिश का शिकार हो गया।
घटना की रात आरोपियों ने घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला किया। हमला इतना निर्मम था कि चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी सामान्य व्यवहार करते रहे ताकि किसी को उन पर शक न हो, लेकिन पुलिस की तकनीकी जांच और साइबर विश्लेषण ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया।

फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *