जामगांव आर। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस (6 अप्रैल) के अवसर पर जामगांव आर मंडल के अंतर्गत सभी बूथों पर व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में मंडल अध्यक्ष कमलेश साहू एवं पदाधिकारियों द्वारा सभी बूथ अध्यक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जारी सूचना के अनुसार, प्रत्येक बूथ पर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में ध्वजारोहण एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम स्थलों की साफ-सफाई के साथ-साथ पार्टी के झंडे, बैनर और पोस्टरों से आकर्षक सजावट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मंडल स्तर से यह भी कहा गया है कि अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इसके लिए बूथ स्तर पर निवासरत प्रदेश, जिला एवं मंडल पदाधिकारियों से संपर्क कर उन्हें कार्यक्रम में आमंत्रित करने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार करने पर विशेष जोर दिया गया है।
इसके अलावा, स्थापना दिवस को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए स्वच्छता अभियान, पौधारोपण जैसे सामाजिक कार्यों के आयोजन के निर्देश भी दिए गए हैं। सभी कार्यक्रमों को प्रातः 11 बजे तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
मंडल अध्यक्ष कमलेश साहू एवं महामंत्री निर्मल जैन, पुनेंद्र सिन्हा ने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित निर्देशों का पालन करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाएं। साथ ही कार्यक्रम की फोटो पार्टी ग्रुप एवं सरल ऐप में साझा करने के निर्देश भी दिए गए हैं।