जामगांव आर। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जामगांव आर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बुजुर्ग आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से देशी और अंग्रेजी शराब के साथ नकद रकम भी जब्त की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीते 1 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बोरवाय भाटापारा निवासी एक व्यक्ति अपने घर के बाड़ी में अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बिसहत जांगड़े (75 वर्ष) को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से कुल 32 पौवा शराब (जिसमें 9 पौवा देशी मसाला और 23 पौवा अंग्रेजी शराब) बरामद की गई। इसके अलावा बिक्री की ₹3200 नकद राशि भी जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 29/2026 के तहत आबकारी एक्ट की धारा 34(2) में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से शराब का संग्रहण और बिक्री कर रहा था। इस कार्रवाई में थाना जामगांव आर पुलिस स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही।
📢 पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब बिक्री या किसी भी गैरकानूनी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके।