
28 एवं 29 जुलाई को दो दिवसीय धार्मिक आयोजन, श्रद्धालुओं से परिवार सहित शामिल होने और पौधे लाने की अपील
जामगांव आर । गुरु पूर्णिमा (व्यास पूर्णिमा) के पावन अवसर पर गायत्री शक्तिपीठ आमालोरी (गाड़ाडीह), जिला दुर्ग में 28 एवं 29 जुलाई 2026 को दो दिवसीय धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर 5 कुंडीय गायत्री महायज्ञ, विभिन्न धार्मिक संस्कार तथा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित होगा।
ट्रस्ट मंडल, गायत्री शक्तिपीठ आमलोरी के अनुसार कार्यक्रम का शुभारंभ 28 जुलाई (मंगलवार) को प्रातः 9 बजे देव आह्वान, पूजन एवं अखंड जप से होगा। शाम 5 बजे आरती, चालीसा, सामूहिक साधना, नादयोग एवं दीप यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। वहीं 29 जुलाई (बुधवार) को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक 5 कुंडीय गायत्री महायज्ञ, विभिन्न संस्कार एवं पूर्णाहुति संपन्न होगी। इसके बाद दोपहर 12 से 1 बजे तक पर्व पूजन, गोष्ठी एवं ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण किया जाएगा।आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ अपने साथ कम से कम 1 से 5 पौधे लेकर आएं, जिन्हें शक्तिपीठ परिसर में रोपित किया जाएगा। ट्रस्ट मंडल ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं, गायत्री परिवार के परिजनों एवं आम नागरिकों से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होकर गुरु पूर्णिमा पर्व को श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाने का आग्रह किया है।