कॉमनवेल्थ गेम्स में छत्तीसगढ़ की बेटी का जलवा: ज्ञानेश्वरी यादव ने जीता सिल्वर, स्नैच में बनाया नया रिकॉर्ड-मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी बधाई

कॉमनवेल्थ गेम्स में छत्तीसगढ़ की बेटी का जलवा: ज्ञानेश्वरी यादव ने जीता सिल्वर, स्नैच में बनाया नया रिकॉर्ड-मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी बधाई

राजनांदगांव की वेटलिफ्टर ने महिला 53 किग्रा वर्ग में दिलाया भारत को पांचवां पदक
रायपुर। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में छत्तीसगढ़ की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत और प्रदेश का नाम रोशन किया है। राजनांदगांव की 23 वर्षीय वेटलिफ्टर ने महिला 53 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीतकर भारत की झोली में एक और पदक डाल दिया। स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में आयोजित प्रतियोगिता में उन्होंने कुल 199 किलोग्राम (88 किग्रा स्नैच और 111 किग्रा क्लीन एंड जर्क) वजन उठाकर दूसरा स्थान हासिल किया। ज्ञानेश्वरी ने स्नैच राउंड में 82, 85 और 88 किलोग्राम वजन सफलतापूर्वक उठाया। 88 किलोग्राम की लिफ्ट के साथ उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स का नया स्नैच रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। इसके बाद क्लीन एंड जर्क में 103, 107 और 111 किलोग्राम वजन उठाकर कुल 199 किलोग्राम का स्कोर बनाया और सिल्वर मेडल जीत लिया।

इस स्पर्धा में नाइजीरिया की ओनोमे ओमोलोला डिडीह ने कुल 206 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि ज्ञानेश्वरी यादव दूसरे स्थान पर रहीं।ज्ञानेश्वरी का यह पदक कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के लिए वेटलिफ्टिंग का चौथा और कुल पांचवां पदक है। इससे पहले मीराबाई चानू ने स्वर्ण, जबकि राजा मुथुपाडी और रिशिकांता सिंह ने रजत पदक जीते थे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ज्ञानेश्वरी यादव को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी की मेहनत, लगन और उत्कृष्ट प्रदर्शन प्रदेश की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणा है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए निरंतर प्रोत्साहित करती रहेगी।

One thought on “कॉमनवेल्थ गेम्स में छत्तीसगढ़ की बेटी का जलवा: ज्ञानेश्वरी यादव ने जीता सिल्वर, स्नैच में बनाया नया रिकॉर्ड-मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी बधाई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *