गुरु पूर्णिमा पर संघ स्वयंसेवकों ने बेल्हारी में किया भगवा ध्वज पूजन, गुरु दक्षिणा का समर्पण

गुरु पूर्णिमा पर संघ स्वयंसेवकों ने बेल्हारी में किया भगवा ध्वज पूजन, गुरु दक्षिणा का समर्पण

जामगांव आर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा ग्राम बेल्हारी में गुरु पूर्णिमा उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मनाई गई। स्थानीय बजरंग शाखा के स्वयंसेवकों ने हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में भगवा ध्वज का पूजन कर गुरु दक्षिणा समर्पित की। इस दौरान स्वयंसेवकों ने अमृत वचन, सुभाषित एवं भारत माता की प्रार्थना का सामूहिक वाचन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संघ के समग्र ग्राम विकास प्रमुख हलधर महमल्ला ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की परंपरा में भगवा ध्वज को गुरु का स्थान प्राप्त है। भगवा ध्वज त्याग, तपस्या, शौर्य और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति का मन और मत समय के साथ बदल सकता है, लेकिन भगवा ध्वज सदैव राष्ट्रसेवा, समर्पण और त्याग की प्रेरणा देता है। उन्होंने बताया कि संघ वर्ष 1928 से प्रत्येक वर्ष गुरु पूर्णिमा का पर्व मनाता आ रहा है तथा स्वयंसेवकों द्वारा समर्पित गुरु दक्षिणा से ही संघ के विभिन्न सेवा एवं संगठनात्मक कार्य संचालित होते हैं।

विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित उपसरपंच मनीष चंद्राकर ने कहा कि भारत की गुरु-शिष्य परंपरा विश्व की सबसे प्राचीन और आदर्श परंपराओं में से एक है। गुरु केवल ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि व्यक्ति के जीवन को सही दिशा, संस्कार और राष्ट्रसेवा का भाव भी प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी स्वयंसेवकों से समाज और राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर यादमल गोलछा, बाबूलाल साहू, जागेंद्र प्रजापति, प्रवीण धनकर, आकाश प्रजापति,मनेश महतो, कुंजलाल साहू सहित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *