
जामगांव आर। दक्षिण पाटन क्षेत्र के केंद्रबिंदु जामगांव (आर) में लंबे समय से लंबित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद् की मांग को लेकर मंगलवार को क्षेत्र के भाजपा नेताओं ने रायपुर में छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से मुलाकात कर जल्द स्वास्थ्य केंद्र शुरू कराने की मांग दोहराई। प्रतिनिधिमंडल में शामिल भाजपा मंडल महामंत्रीद्वय पुरनेन्द्र सिन्हा और निर्मल जैन एवं शासकीय कालेज समिति के अध्यक्ष नरेश केला ने मंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, बढ़ती आबादी और स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव से अवगत कराते हुए बताया कि जामगांव (आर) दक्षिण पाटन क्षेत्र का प्रमुख प्रशासनिक, शैक्षणिक एवं व्यावसायिक केंद्र है। यहां प्रतिदिन 50 से अधिक गांवों के लोग विभिन्न कार्यों से पहुंचते हैं, लेकिन पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण लोगों को उपचार के लिए दूर-दराज जाना पड़ता है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि जामगांव (आर) के आसपास स्थित स्वास्थ्य केंद्रों पर लगभग 69 गांवों की एक लाख से अधिक आबादी निर्भर है, जिससे इन केंद्रों पर अत्यधिक दबाव बना रहता है। वर्ष 2017 में तत्कालीन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा भी जामगांव (आर) में स्वास्थ्य केंद्र खोलने की अनुशंसा की गई थी, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।
इस पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए बताया कि जामगांव (आर) में स्वास्थ्य केंद्र खोलने संबंधी प्रस्ताव की फाइल आवश्यक वित्तीय स्वीकृति के लिए वित्त विभाग को भेज दी गई है। उन्होंने कहा कि वित्त विभाग से स्वीकृति मिलते ही आगे की प्रक्रिया पूरी कर जल्द स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। भाजपा नेताओं ने मंत्री से जनहित को देखते हुए शीघ्र स्वीकृति दिलाने का आग्रह किया। उनका कहना था कि जामगांव (आर) में स्वास्थ्य केंद्र खुलने से न केवल स्थानीय नागरिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलेगी, बल्कि आसपास के स्वास्थ्य केंद्रों पर पड़ने वाला अतिरिक्त दबाव भी कम होगा।