रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की साय कैबिनेट की अगली बैठक 30 जून को दोपहर 12 बजे मंत्रालय में आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में धर्मांतरण रोकथाम विधेयक को कैबिनेट की मंजूरी मिलने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा किसानों के लिए खाद-बीज की उपलब्धता की समीक्षा और अन्य महत्वपूर्ण प्रशासनिक फैसले भी एजेंडे में शामिल हैं।
सरकार के सूत्रों के मुताबिक, बैठक में मानसून के मद्देनजर कृषि से जुड़े मुद्दों पर विशेष रूप से चर्चा की जाएगी। खाद बीज वितरण व्यवस्था, स्टॉक की स्थिति और सहकारी समितियों की भूमिका को लेकर विस्तृत मंथन संभावित है। इसके साथ ही कुछ नई योजनाओं और संशोधनों को भी हरी झंडी मिल सकती है।
कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, सहकारी समितियों का घेराव
दूसरी ओर, खाद-बीज की कमी को लेकर कांग्रेस ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को पूर्व खाद्यमंत्री अमरजीत भगत के नेतृत्व में बतौली क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिलासपुर और सेदम की सहकारी समितियों का घेराव किया। कांग्रेस नेताओं ने किसानों को खाद-बीज समय पर और पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराने की मांग करते हुए राज्यपाल रमण डेका के नाम ज्ञापन सौंपा, जिसे बतौली तहसीलदार तारा सिदार को सौंपा गया।
प्रदर्शन की सूचना पर बतौली थाना प्रभारी चंद्रप्रताप तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति पर नजर रखी। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार किसानों की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है, जिससे खेती प्रभावित हो रही है।