सावन में फिर गूंजेगी शिव कथा : पंडित प्रदीप मिश्रा की महापुराण कथा 30 जुलाई से भिलाई के जयंती स्टेडियम में

भिलाई। सावन मास के पवित्र अवसर पर भिलाईवासियों के लिए एक बार फिर आध्यात्मिक माहौल बनने जा रहा है। प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा 30 जुलाई से 5 अगस्त तक भिलाई के जयंती स्टेडियम में आयोजित होगी। आयोजन बोल बम सेवा एवं कल्याण समिति द्वारा कराया जा रहा है, जो इस वर्ष सावन में दूसरी बार यह भव्य कथा लेकर आ रही है।

कथास्थल पर शुक्रवार को आयोजक दया सिंह के साथ नगर निगम, बीएसपी टाउनशिप प्रशासन और पुलिस विभाग ने जयंती स्टेडियम ग्राउंड का निरीक्षण किया। आयोजन स्थल पर 15 दिन पूर्व से डोम शेड और पंडालों का निर्माण शुरू किया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं, क्योंकि कथा में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना है।

संकल्प से सिद्धि की ओर-

समिति के प्रदेश संयोजक दया सिंह ने बताया कि पिछली कथा के समापन पर भिलाई के श्रद्धालुओं ने सावन मास में दोबारा कथा कराने का संकल्प लिया था, जो अब साकार हो रहा है। स्थल निरीक्षण के बाद जल्द ही भूमिपूजन किया जाएगा और फिर तैयारी की रफ्तार और तेज होगी।

विशेष व्यवस्थाएं होंगी-

श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ प्रबंधन को देखते हुए इस बार प्रशासन और आयोजक समिति द्वारा विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। पार्किंग, पेयजल, शौचालय, सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। समिति ने सभी श्रद्धालुओं से सहयोग और संयम बनाए रखने की अपील की है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *