महाशिवरात्रि पर दक्षिण पाटन के शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, ओंकारेश्वर से कुम्हलेश्वर शिव मंदिर तक गूंजा ‘हर-हर महादेव’

जामगांव आर। महाशिवरात्रि महापर्व के अवसर पर अंचल के शिव मंदिरों में सुबह से लेकर देर रात तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। खारून तट स्थित ओंकारेश्वर शिव मंदिर किकीरमेटा में भक्तों का जनसैलाब लगा रहा। महिलाओं, बच्चों और युवाओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।ग्राम कुम्हली स्थित प्राचीन कुम्हलेश्वर शिव मंदिर में भी श्रद्धालु शिव भजन और पूजन में लीन नजर आए। मंदिर प्रबंधन की ओर से शिवभक्तों के लिए भंडारा प्रसाद की व्यवस्था की गई थी। प्रातःकाल महादेव का रुद्राभिषेक संपन्न हुआ, जिसके बाद दिनभर दर्शन-पूजन का सिलसिला चलता रहा। इसी क्रम में गायत्री शक्तिपीठ आमालोरी में आयोजित प्रज्ञा मेला में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। स्थानीय यज्ञशाला में सुबह से यज्ञ एवं विविध संस्कार संपन्न कराए गए। वहीं प्रज्ञेश्वर महादेव मंदिर में महा रुद्राभिषेक का आयोजन हुआ, जहां भक्तों ने श्रद्धा और भक्ति के साथ भोलेनाथ के दर्शन किए।

दुर्ग सांसद विजय बघेल ने कौही स्थित प्राचीन शिव मंदिर में भोलेनाथ की पूजा अर्चना कर क्षेत्रवासियो के सुख समृद्धि की कामना की और कहा कि भगवान शिव की कृपा से क्षेत्र में ही सुख, शांति और समृद्धि बनी हुई है, इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश साहू, तहसील साहू संघ अध्यक्ष लालेश्वर साहू, भाजपा नेता नारद साहू,निर्मल जैन,राजा पाठक,रवि सिन्हा,योगेश्वर साहू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *