जामगांव आर । ग्राम आगेसरा में 17 एवं 18 फरवरी 2026 को दो दिवसीय कबीर सत्संग समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन दुर्गा कलामंच बाजार चौक, आगेसरा में संपन्न होगा। कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है। आयोजन समिति द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, संत शिरोमणि सदगुरु कबीर साहेब की वाणी एवं उपदेशों के प्रसार के उद्देश्य से यह सत्संग समारोह आयोजित किया जा रहा है। समारोह में सदगुरु कबीर दिव्य ज्योति ज्ञान आश्रम, सोनादेवरी (बलौदा बाजार) से साध्वी ऋषि चंद्रकला साहेब जी मुख्य प्रवचनकर्ता के रूप में उपस्थित रहेंगी। उनके प्रवचन एवं आशीर्वचन का लाभ श्रद्धालुओं को प्राप्त होगा। दोनों दिवस प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक सत्संग प्रवचन होगा। दोपहर 1 से 3 बजे तक भोजन अवकाश रखा गया है। इसके पश्चात 3 से 5 बजे तक पुनः सत्संग प्रवचन का आयोजन किया जाएगा। समारोह को सफल बनाने हेतु ग्रामवासियों द्वारा व्यापक तैयारी की गई है। आयोजकों ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं एवं आमजन से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर संत कबीर के संदेशों का श्रवण करने की अपील की है।